मतदान से 48 घंटे पहले से बल्क एसएमएस पर प्रतिबंध रहेगा
– प्रत्याशी के चुनाव खर्च में जुड़ेगा एसएमएस से प्रचार का खर्च

झज्जर, 16 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा :
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2024 में प्रचार के दौरान प्रत्याशी द्वारा प्रचार हेतु भेजे जाने वाले एसएमएस का खर्च भी संबंधित प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाएगा। मतदान से 48 घंटे पहले तक की अवधि में राजनीतिक प्रकृति के बल्क एसएमएस भेजने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रचार अवधि के दौरान चुनाव प्रचार के लिए बल्क (थोक) में भेजे गए एसएमएस की जानकारी जिला प्रशासन व संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी को मिलने पर सेवा प्रदाता से इस पर हुए व्यय का अनुमान लगाकर इसे उम्मीदवार के खाते में जोड़ दिया जाएगा। निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए मतदान होने के लिए निश्चित किए गए समय की समाप्ति से 48 घंटे पहले तक की अवधि के दौरान चुनाव प्रचार से संबंधित थोक (बल्क) में एसएमएस भेजने पर प्रतिबंध होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मीडिया माध्यमों का चुनाव प्रचार के लिए काफी उपयोग किया जा रहा है। जिले में चुनाव आयोग के निर्देशानुसार  मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) कमेटी कार्य कर रही है व टीवी, प्रिंट मीडिया व सोशल मीडिया की नियमित निगरानी की जा रही है।

मताधिकार अपने आप में बहुत बड़ा प्रोत्साहन है, सभी वोटर करें मतदान: जिला निर्वाचन अधिकारी
– जिले में 17861 फस्र्ट टाइम वोटर, सभी से मतदान का आह्वान
– 168 शहरी व 628 ग्रामीण पोलिंग स्टेशन, सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
झज्जर, 16 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा 

जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति ङ्क्षसह ने जिले के सभी मतदाताओं से 25 मई के दिन मतदान का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार अपने आप में एक बड़ा प्रोत्साहन है व सभी मतदाताओं को गर्व के साथ मतदान करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागी बनते हुए विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिले में 808054 कुल मतदाता हैं जिनमें से 379782 महिला व 428259 पुरुष मतदाता हैं। जिले में 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 17861 है। ये मतदाता लोकसभा चुनाव में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में 797 पोलिंग बूथों पर मतदान होगा जिनमें से 168 शहरी पोलिंग बूथ हैं व 628 ग्रामीण। इसके अलावा  बहादुरगढ़ में एक 1500 से अधिक मतदाता होने के कारण 146(क) अतिरिक्त बूथ स्थापित किया गया है। बीते लोकसभा चुनाव 2019 में झज्जर जिले में 68.84 प्रतिशत मतदान हुआ था व इससे पूर्व 2014 के लोकसभा चुनाव में 66.57 प्रतिशत मतदान हुआ था। उन्होंने कहा कि बीते दो चुनाव से लगातार चुनाव प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है व इस बार स्वीप अभियान भी बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है और अपेक्षित है कि जिले में मतदाता इस बार अधिक से अधिक मतदान में भागीदार बनते हुए बीते सालों की तुलना में अधिक मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। चुनाव को लेकर जोर-शोर से तैयारी की जा रही है।
बॉक्स:
सी-विजिल की शिकायतों का किया जा रहा समय से समाधान

उन्होंने बताया कि सी-विजिल एप पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की जा सकती है। इस एप पर मंगलवार तक झज्जर जिले में अभी तक 158 शिकायतें आई थी। इन सभी शिकायतों को तय समय 100 मिनट से पहले ही एक्शन लेते हुए समाधान कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी एआरओ व फील्ड टीमों को सी-विजिल एप की शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
—————–
घर-घर पहुंचेगा जिला निर्वाचन अधिकारी का मतदान हेतु स्नेह निमंत्रण
– मतदाता पर्ची के साथ ही बीएलओ बांटेंगे मतदाता निमंत्रण पत्र  कार्ड में लिखा है- स्वागत में खड़े होंगे बूथ लेवल अधिकारी, दर्शनाभिलाषी होंगे पीठासीन अधिकारी व मतदान दल के सदस्य
– शादी के कार्ड की तरह छपे कार्ड पर लिखा-  हमारे लोकसभा चुनाव में मतदान करने जरूर-जरूर आना…

झज्जर, 16 मई। 
लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
लोकसभा चुनाव को लेकर जोर-शोर से तैयारियां जारी हैं, इस बार मतदाताओं को मतदान के प्रति रिझाने के लिए अनूठे कदम उठाते हुए आकर्षित किया जा रहा है। जिले में बीएलओ के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह की तरफ से मतदाताओं को मतदान हेतु निमंत्रण पत्र भी वितरण किया जाएगा। बीएलओ वोटर इन्फार्मेशन स्लिप के वितरण के साथ ही इस कार्ड का वितरण भी करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी की तरफ से सभी मतदाताओं को चुनाव के दिन मताधिकार का प्रयोग करने लिए पोलिंग बूथों पर आने का निमंत्रण दिया गया है। मतदाताओं को मतदान के प्रति आकर्षित बेहद सुंदर ढंग से सुसज्जित निमंत्रण पत्र तैयार किया है जिसमें सभी औपचारिकताएं किसी सामान्य उत्सव के निमंत्रण की तरह ही लिखी गई हैं। नायब तहसीलदार (इलेक्शन) सुरेंद्र कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग की एक अनोखी पहल है, जिसके तहत मतदाताओं को इस बार मतदान करने के लिए बुलाने हेतु ब्याह-शादी के कार्ड की तरह का कार्ड छपवाकर निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह निमंत्रण पत्र बीएलओ द्वारा मतदाता पर्ची के वितरण के साथ ही मतदाता को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निमंत्रण पत्र को बड़े ही क्रिएटिव ढंग से तैयार किया गया है जो मतदाताओं का ध्यान आकर्षित कर रहा है। विवाह के कार्ड के डिजाइन से प्रेरित कार्ड पर लिखा है कि हमारे लोकसभा चुनाव में मतदान करने जरूर-जरूर आना। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को बेहद गंभीरता के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं। 
कार्ड पर ये है खास

निमंत्रण पत्र पर एक तरफ वोटर जागरूकता से जुड़ी सामग्री प्रकाशित है। कार्ड पर चुनाव से संबंधित विभिन्न एप के बारे में बताया गया है। इसके अलावा बूथ पर मतदान देने की प्रक्रिया का वर्णन है ताकि किसी मतदाता को परेशानी ना हो। कार्ड को बेहद सुसज्जित ढंग से तैयार किया गया है व चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण इन्फार्मेशन इस कार्ड पर अंकित है।