बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के मतदान के लिए 18 मई से 20 मई तक चलेगा कैंपेन : जिला निर्वाचन अधिकारी
– जिले में 110 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने चुना है घर से मतदान का विकल्प
– जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने घर से मतदान की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों को दिए निर्देश
झज्जर, 16 मई।  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा 
लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक वर्ग के मतदान को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए 25 मई को आम मतदान होने से पहले जिला झज्जर के विशेष मतदाताओं के लिए वोटिंग की व्यवस्था की जा रही है। इनमें  85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग व 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति  सिंह ने अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला झज्जर में 110 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता हैं, जिन्होंने फार्म 12 डी भरकर अपने निवास पर ही वोट डालने का विकल्प चुना है। इन मतदाताओं के वोट डलवाने के लिए 18 से 20 मई तक तीन दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पोलिंग पार्टी के कर्मचारी इनके निवास स्थान पर जाएंगे और बैलेट पेपर से इनके वोट डलवाएंगे। मतदान की प्रक्रिया को गोपनीय रखा जाएगा। इसकी जानकारी सभी उम्मीदवारों को भी दी जाएगी। कोई भी उम्मीदवार स्वयं या अपना चुनाव एजेंट भेजकर इस मतदान प्रक्रिया को दूर से देख सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला के बहादुरगढ़, झज्जर, बेरी और बादली विधानसभा क्षेत्रों से  85 वर्ष से अधिक आयु के कुल 64 और 46 दिव्यांगजन वोटर्स हैं, जिन्होंने घर से मतदान करने के लिए आवेदन किया है। इस कार्य के लिए पोलिंग टीमों का गठन कर दिया गया है जो इन मतदाताओं के घर पहुंच कर वोट डलवाने का कार्य करेंगी। इन टीमों के साथ पुलिस कर्मचारी भी होंगे। उन्होंने बताया कि जो कर्मचारी या अधिकारी दूसरे जिलों के वोटर हैं और जिनकी ड्यूटी वर्तमान समय में झज्जर  में लगी हुई है, उनको मतदान का अवसर प्रदान करने के लिए फार्म 12 भरवाया गया है। इस वर्ग के मतदाताओं के लिए नेहरू राजकीय पीजी कॉलेज में सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए सभी नागरिकों व कर्मचारियों को समान अवसर प्रदान किया गया है, जिससे कि कोई भी मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित ना रहे। इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीएमसी परवेश कादयान, डीआईओ अमित बंसल, निर्वाचन कार्यालय से अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पोलिंग प्रक्रिया की सतर्कता से मॉनिटरिंग करें माइक्रो ऑब्जर्वर: जिला निर्वाचन अधिकारी
– मतदान के दिन बूथ लेवल मॉनिटरिंग में माइक्रो ऑब्जर्वर की अहम भूमिका: जिला निर्वाचन अधिकारी
– वलनरेबल और क्रिटिकल बूथों पर तैनात होंगे माइक्रो ऑब्जर्वर
– मॉक पोल प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक करवाएं माइक्रो ऑब्जर्वर
झज्जर, 16 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा 
25 मई को मतदान के दिन मतदान केंद्रों की मॉनिटरिंग में माइक्रो ऑब्जर्वर की अहम भूमिका होगी। जिले में सभी माइक्रो ऑब्जर्वर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और पूरी सतर्कता व निष्पक्षता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में माइक्रो ऑब्जर्वर की रिहर्सल के दौरान उन्हें संबोधित करते हुए ये महत्वपूर्ण बातें कही। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतदान से पूर्व अपने पोलिंग बूथों पर चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर लें।
उन्होंने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति वलनरेबल और क्रिटिकल बूथों पर की गई है। ऐसे में इन अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। प्रत्येक अधिकारी को चुनाव समाप्ति के बाद माइक्रो ऑब्जर्वर्स को 16 प्वाइंट की रिपोर्ट सब्मिट करनी होगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतदान से एक दिन पूर्व अपने निर्धारित मतदान केंद्रों की लोकेशन पर अवश्य दौरा कर लें। ट्रेनिंग के दौरान डीसी ने कहा कि पोलिंग बूथ के अंदर मतदान कक्ष इस प्रकार से स्थापित किया जाए जिससे वोट की गोपनीयता बरकरार रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर्स को बेहद सतर्क रहकर कार्य करना है व यह सुनिश्चित करना है कि मतदान केंद्र पर नियमानुसार वोटिंग प्रक्रिया चल रही है। वोटिंग को लेकर किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत एआरओ को दी जाए। उन्होंने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर इस बात का विशेष तौर पर ध्यान रखें कि पोलिंग बूथ पर प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट किसी प्रकार की चुनाव प्रचार से संबंधित सामग्री के साथ पोलिंग बूथ के अंदर मौजूद ना हो। इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, नायब तहसीलदार (चुनाव) सुरेंद्र कुमार, एपीआरओ मनप्रीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।