- केंद्र सरकार में खाली पड़े 30 लाख पदों पर भर्ती होगी, लाखों रोजगार हरियाणा के युवाओं को मिलेंगे– दीपेन्द्र हुड्डा
• कांग्रेस सरकार आने पर मेट्रो रोहतक पार जायेगी – दीपेन्द्र हुड्डा
• पढ़े-लिखे युवाओं की पहली नौकरी पक्की होगी, 1 लाख रुपए की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देंगे – दीपेन्द्र हुड्डा
• कांग्रेस सरकार बनने पर महालक्ष्मी योजना के तहत हर गरीब परिवार की एक महिला को साल में 1 लाख रुपये देंगे – दीपेन्द्र हुड्डा
• फौज की अग्निपथ योजना खत्म करेंगे और पहले की तरह पक्की भर्ती शुरु करेंगे। भर्ती अग्निवीरों को पक्का करायेंगे – दीपेन्द्र हुड्डा
बहादुरगढ़, 17 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ ऊ
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आयी तो हर गरीब को 10 किलो अनाज प्रतिमाह मिलेगा। देश भर के गरीब परिवारों के लिए कांग्रेस पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने याद दिलाया कि केंद्र की पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान ‘खाद्य सुरक्षा कानून’ बनाकर भोजन के अधिकार को कानूनी दर्जा दिया था, हर गरीब को 10 किलो अनाज इसी कड़ी में अगला कदम होगा। इसके अलावा केंद्र सरकार में खाली पड़े 30 लाख पदों पर भर्ती होगी, और हरियाणा के युवाओं को भी लाखों रोजगार मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में हरियाणा विकास की पटरी से उतर गया है। कांग्रेस सरकार के समय हमने बहादुरगढ़ तक मेट्रो बनवाई, लेकिन पिछले 10 साल में साखौल गांव में उनके द्वारा बनवाया गया मेट्रो का आखिरी खंबा वहीं का वहीं खड़ा है एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा। दीपेन्द्र हुड्डा ने विश्वास दिलाया कि इस बार कांग्रेस सरकार आने पर मेट्रो रोहतक पार जायेगी। इस दौरान विधायक राजेन्द्र जून मौजूद रहे।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज बहादुरगढ़ के निलोठी, लोहारहेड़ी, जसौर खेड़ी, खेड़ी जसौर, आसौदा टोडराण, आसौदा सिवान, जाखौदा, कसार, टांडाहेड़ी, सराय औरंगाबाद, वार्ड नंबर 26, झज्जर रोड, वार्ड नंबर 22, वार्ड नंबर 12, वार्ड नंबर 14, जटवाड़ा, नजफ़गढ़ रोड के विभिन्न इलाकों में चुनाव प्रचार कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान तेज तपिश, लू के थपेड़ों के बावजूद गांवों व शहरी इलाकों में जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया गया। जनता से मिल रहे भरपूर स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद से गदगद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि लोगों का ये आशीर्वाद खाली नहीं जायेगा और वाया दिल्ली चंडीगढ़ में सरकार बनायेगा।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कांग्रेस के न्याय पत्र की गारंटियों को बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महालक्ष्मी योजना के तहत हर गरीब परिवार की एक महिला को साल में 1 लाख रुपये देंगे। फौज की अग्निपथ योजना खत्म करेंगे और पहले की तरह पक्की भर्ती शुरु करेंगे। इसके अलावा पहले से भर्ती अग्निवीरों को पक्का करायेंगे। उन्होंने आगे कहा कि बेरोजगारी का संकट कम करने के लिए कांग्रेस सरकार बनने पर केंद्र में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पद भर्ती भरोसा के तहत समयबद्ध तरीके से कैलेंडर के अनुसार भरेंगे तो हरियाणा में 2 लाख से ज्यादा युवाओं को खाली पड़े सरकारी पदों पर समयबद्ध पक्की भर्ती करेंगे। इसके अलावा पढ़े-लिखे युवाओं की पहली नौकरी पक्की होगी, हर शिक्षित युवा को 1 लाख रुपए की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देंगे। पेपर लीक रोकने के लिए नये कानून और नीतियां बनाएंगे। युवाओं के लिए 5,000 करोड़ रुपए का नया स्टार्टअप फंड और गिग-वर्कर के लिए बेहतर काम-काजी नियम और संपूर्ण सामाजिक सुरक्षा प्रदान करेंगे। किसानों को एमएसपी की गारंटी और कर्ज से मुक्ति दी जाएगी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर बुजुर्गों को ₹6000 बुढ़ापा पेंशन मिलेगी, 300 युनिट मुफ्त बिजली, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम और गृहणियों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे।
उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए काम गिनाते हुए बताया कि जसौर खेड़ी में अंतर्राष्ट्रीय नाभिकीय विश्वविद्यालय (GCNEP) मंजूर कराकर निर्माण कराया। बहादुरगढ़ में फुटवियर पार्क की स्थापना समेत पूरे लोकसभा क्षेत्र में 3 औद्योगिक क्षेत्र लगाए, अनेक बड़े उद्योग यहाँ स्थापित कराए। दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक-हिसार RRTS प्रस्तावित किया, लेकिन ये काम भी ठप पड़ा है। दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक MEMU रेल सेवा शुरू करवाई, दिल्ली-सराय रोहिल्ला-बहादुरगढ़ रेलवे लाइन का विद्युतीकरण कराया, 3 ROB बनवाए। दिल्ली-बहादुरगढ़ NH-10 को 6-लेन, 3 सड़कों की 4-लेनिंग कारवाई, बहादुरगढ़ और असौधा में ITI का निर्माण, बहादुरगढ़ में कन्या महाविद्यालय का निर्माण एवं विस्तार, बहादुरगढ़ शहर समेत विभिन्न गाँवों 22 स्कूल अपग्रेड कराए। PMGSY के तहत अनेक नयी ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया। मारुती सुजुकी इंडिया के सहयोग से ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट की स्थापना कराई। नूना माजरा में महाराजा अग्रसेन केदार नाथ गुप्ता मेडिकल कॉलेज की स्थापना समेत 6 नये अस्पतालों का निर्माण करवाया। नये ज्युडीशियल काम्प्लेक्स और सेक्टर 6 में सामुदायिक केंद्र का निर्माण करवाया। बहादुरगढ़ शहर में मुनगेशपुर ड्रेन पर सड़क परियोजना को मंजूर करवाया, गाँव परनाला प्रदेश का पहला ऐसा गाँव बना जहाँ योजनाबद्ध ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण करवाया। बहादुरगढ़ में रेलवे की खाली पड़ी जमीन पर बेहतरीन पार्क का निर्माण कराया और लोगों की मांग पर रिहायशी इलाकों से सरकारी खर्च पर हाईटेंशन (HT) लाइन हटवाई, बहादुरगढ़ में 1 जिला स्तरीय स्टेडियम, 12 अन्य खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया। 5 नये सब स्टेशन का निर्माण और 6 वर्तमान सब-स्टेशन की क्षमता बढ़ाई गई। बहादुरगढ़, झज्जर, बादली, छारा, महम, कोसली, रोहतक, कलानौर, सांपला समेत 17 शहरों में बाईपास बनवाये और छुछकवास, मातन, सुबाना और बेरी का बाईपास एनसीआर प्लानिंग बोर्ड से मंजूर कराया था। लेकिन 10 साल में बीजेपी सरकार 4 मंजूरशुदा बाईपास भी नहीं बनवा पायी। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि 10 साल की बीजेपी सरकार और 5 साल के बीजेपी सांसद के पास बताने के लिए अपना एक नया काम नहीं है।
***