*चुनाव का पर्व,देश का गर्व :*
*- झज्जर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की तैयारी पूर्ण*
** मतगणना पर्यवेक्षक गिरीश चंद्रा सिंह व पवन कुमार शर्मा और डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने किया राजकीय कालेज का दौरा*
*- मतगणना पर्यवेक्षकों ने मतगणना केन्द्रों में बारीकी से लिया सभी व्यवस्थाओं का जायजा*
*- 04 जून को प्रात: 08 बजे से राजकीय पीजी नेहरू कालेज में आरंभ होगी मतगणना प्रक्रिया*
*- मतगणना कार्य को निष्पक्ष,पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं कर्मचारी : जिला निर्वाचन अधिकारी*

*झज्जर, 03जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

रोहतक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला झज्जर के चार विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना को लेकर सोमवार को मतगणना के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक गिरीश चंद्रा सिंह व पवन कुमार शर्मा और जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने राजकीय पीजी नेहरू कालेज का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कॉलेज में विधानसभा क्षेत्र अनुसार बनाए गए मतगणना केन्द्रों में बारीकी से सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए। इस बीच कालेज के सभागार में मतगणना कर्मियों की रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने मतगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही मतगणना को लेकर दूसरा रैंडमाइजेशन भी किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि मतगणना के लिए लगाई गई टेबलों पर ड्यूटी पर कार्यरत सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें। इस कार्य में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल यूनिट में उम्मीदवार वाईज वोटों की गिनती का डाटा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर भी पूरी तरह चैक करके ही अपलोड करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के दिशा निर्देशानुसार जिला में मंगलवार 4 जून को होने वाली लोकसभा आम चुनाव की मतगणना के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। झज्जर जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों बादली,बेरी,बहादुरगढ और झज्जर की मतगणना के लिए मतगणना टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों को मतगणना प्रशिक्षण दिया गया है। मतगणना टीम में मतगणना सुपरवाईजर, माइक्रो आब्जर्वर व मतगणना सहायक शामिल हैं।
*पूरी मतगणना प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया मंगलवार 4 जून को ठीक प्रात: 8 बजे से आरंभ होगी। पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी। उन्होंने बताया कि बादली विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 पल्स एक और बेरी,बहादुरगढ़ और झज्जर विधानसभा क्षेत्र के लिए दस पल्स एक टेबल लगाई गई है। प्रत्येक टेबल पर तीन सदस्यों का स्टाफ नियुक्त किया गया है, जिनमें काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग सहायक व काउंटिंग माइक्रो आब्जर्वर शामिल होंगे। मतगणना के लिए रिजर्व स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक राउंड का परिणाम बोर्ड पर अंकित किया जाएगा। स्ट्रांग रूम से ईवीएम लाने वाले कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। इसी प्रकार से मतों की गणना के बाद ईवीएम को सील करके वापिस स्ट्रांग रूम में ही उसी समय साथ-साथ जमा की जाएंगी।
*मतगणना हॉल में मोबाइल ले जाने पर पाबंदी*
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि मतगणना केन्द्र पर कार्यरत ड्यूटी स्टाफ व पार्टी एजेंटों व उम्मीदवारों के पास बनाए गए हैं। पास के आधार पर ही राजकीय पीजी नेहरू कालेज में प्रवेश किया जा सकता है। अलावा मतगणना केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी रहेगी। उन्होंने कहा कि मतगणना कर्मियों और एजेंटों को केंद्र के अंदर, चेन, मोबाइल फोन, वाहन की चाबी आदि वस्तुओं को ले जाने पर रोक रहेगी। डीसी ने सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नियमों को सख्ती से लागू करें ताकि मतगणना के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
मतगणना केंद्रों के बाहर सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाएं रखने के लिए तैनात है पुलिस बल डीसीपी डॉ अर्पित जैन ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजकीय पीजी नेहरू कालेज में बनाए गए बेरी,बादली,झज्जर और बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों की वोटो की गिनती को लेकर स्थापित मतगणना केंद्रों की सुरक्षा को देखते हुए कॉलेज परिसर में उचित सुरक्षा बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मतगणना केन्द्र पर शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ चारों तरफ कैमरे लगाए गए हैं ताकि वहां सभी पहलुओं पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि केवल अधिकृत व्यक्ति का आईडी कार्ड के साथ ही प्रवेश होगा।
*जिला के चार विस क्षेत्रों की कुल पांच लाख 13 हजार 253 मतों की होगी गणना*
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि झज्जर जिला के अंतर्गत आने वाले चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल आठ लाख 8 हजार 54 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें से 25 मई को जिलाभर के पांच लाख 13 हजार 253 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि बादली विधानसभा क्षेत्र के एक लाख 24 हजार 442,झज्जर विधानसभा क्षेत्र के एक लाख 24 हजार 463,बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एक लाख 44 हजार 351 और बेरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के एक लाख 19 हजार 997 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
*रिहर्सल में यह अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा,आईपीएस शुभम सिंह,सहायक रिटर्निंग अधिकारी झज्जर रविंद्र यादव, सहायक रिटर्निंग अधिकारी बादली सतीश कुमार, सहायक रिटर्निंग अधिकारी बहादुरगढ़ परमजीत सिंह चहल, सहायक रिटर्निंग अधिकारी बेरी रविंद्र मलिक,डीआरओ प्रमोद चहल,डिप्टी सीईओ निशा तंवर, डीआईपीआरओ कुलदीप सिंह बांगड़,डीआईओ अमित बंसल,एएफएसओ अमरजीत सिंह, सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
——————-

*जिला कारागार में पौधारोपण कार्यक्रम पांच जून को : सीजेएम*
*-एडीआर सेंटर में पॉक्सो एक्ट को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का होगा आयोजन*
*झज्जर, 03 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिला कारागार परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं जिला एडीआर सेंटर में पॉक्सो एक्ट को लेकर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार बंसल ने सोमवार को यहां दी। सीजेएम ने बताया कि जिला कारागार में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा,वहीं बुधवार पांच जून को जिला एडीआर सेंटर स्थित सभागार में प्रात: 11 बजे पॉक्सो एक्ट को लेकर विशेष कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में सीडब्ल्यूसी के पूर्व चेयरमैन डा राज सिंह सांगवान अपना व्याख्यान देंगे।

 

*मतगणना केंद्र के आसपास एकत्रित ना हों लोग, चुनाव अपडेट के लिए ईसीआई के स्रोतों का करें इस्तेमाल करें नागरिक*
*-वोटर हेल्पलाइन व ईसीआई की रिजल्ट वेबसाइट पर घर बैठे देख सकेंगे चुनाव परिणाम*
*-जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने मतदाताओं का किया आहवान

*झज्जर,03 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

 

जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणाम की प्रमाणिक जानकारी केवल चुनाव आयोग के आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव परिणाम को लेकर विशेष रूप से वेबसाइट शुरू की गई है व इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन एप के जरिये भी चुनाव परिणाम घर बैठे आसानी से देखे जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ या वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से चुनाव परिणाम की अपडेट रिपोर्ट सुगमता से ले सकते हैं। मंगलवार चार जून को लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी व काउंटिंग के प्रत्येक राउंड की जानकारी ऑनलाइन अपडेट की जाएगी। इस दौरान मतगणना केन्द्रों में और उसके आस पास केवल प्राधिकृत व्यक्ति, अधिकारी या कर्मचारी ही जा सकेंगे। ऐसे में चुनाव का रिजल्ट जानने के लिए आमजन को चुनाव आयोग की रिजल्ट वेबसाइट या फिर वोटर हेल्पलाइन का लाभ लेना चाहिए। क्योंकि आमजन को मतगणना केंद्र के आसपास जाने की इजाजत नहीं होगी। आमजन व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं को मतगणना क्षेत्र के आस-पास भीड़ करने की जरूरत नहीं है बल्कि घर बैठे ही परिणाम जान सकते हैं।

 

गर्मी में पशु पक्षियों के लिए भी करें पानी की व्यवस्था:-पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अर्पित जैन

झज्जर 04 जून  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

भीषण गर्मी के कारण इंसान तो इंसान पशु-पक्षी भी परेशान हो गए हैं, सूरज के तल्ख तेवर आसमान से आग बरसा रहे है। ऐसे में आप घर से बाहर निकल रहे हैं तो हीट वेव से खुद को बचाएं, नहीं तो आप बीमार हो सकते हैं। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने से सुबह के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं है।ऐसे में गर्मी में पानी को अमृत के समान माना जाता है, मनुष्य को प्यास लगती है तो वह कहीं भी मांग कर पी लेता है। लेकिन पशु-पक्षियों को प्यास में तड़पना पड़ता है, हालांकि जब वे प्यासे होते हैं तो घरों के सामने दरवाजे पर आकर खड़े हो जाते हैं। कुछ लोग पानी पिला देते हैं तो वहीं कुछ लोग भगा भी देते है।
भीषण गर्मी के प्रभाव के कारण वही पशु पक्षी भी अपनी प्यास बुझाने को लेकर काफी व्याकुल होते हैं, ऐसे में पुलिस उपायुक्त झज्जर ने अपनी रिहायशी स्थान पर लगे पेड़ो में पक्षियों व अन्य जीव जंतुओं की प्यास को बुझाने के लिए मिट्टी का सिकोरा लगाया और विभिन्न पेड़ों में इस मिट्टी के सिकोरा में पक्षियों व अन्य जीव जंतुओं की प्यास बुझाने हेतु पानी रखा गया। इस कार्य करने का मूल उद्देश्य पशु-पक्षियों के लिए प्यास से जान ना जाए इसके लिए हर संभव प्रयास किया गया।

 

 

अवैध हथियार देशी पिस्तौल के साथ एक आरोपी काबू

बहादुरगढ़  04 जून  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

सीआईए वन बहादुरगढ़ की टीम द्वारा मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की गई है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक जयवीर ने बताया कि सीआईए वन बहादुरगढ़ की पुलिस टीम थाना सदर बहादुरगढ़ के एरिया में मुस्तैदी से तैनात थी।उसी दौरान सीआईए वन बहादुरगढ़ की टीम को गुप्त सूचना मिली कि इशांत निवासी सोलधा अवैध हथियार लिए हुए हैं और वह गाँव की तरफ से सोलधा बस स्टैंड पर जाएगा। जिस सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड के पास से एक आरोपी को काबू किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ श्री मयंक मिश्रा द्वारा जिला में अवैध असला रखने वाले दोषियों को पकड़ने के संबंध में विशेष रूप से कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस उपायुक्त के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ मे तैनात सहायक उप निरीक्षक मजींत कुमार की पुलिस टीम द्वारा एक आरोपी को काबू किया। पकड़े गए आरोपी की मौके पर तलाशी ली गई तो उससे एक अवैध हथियार देसी पिस्तौल बरामद हुआ। अवैध देशी पिस्तौल के साथ पकड़े गए उपरोक्त आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सदर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

 

मतगणना को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस उपायुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

झज्जर. 04  जून  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

4 मई को होने वाली मतगणना को शांति पूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए झज्जर पुलिस ने अपनी तैयारियो को अंतिम रूप दे दिया है और अधिकारी द्वारा भी लगातार मतगणना स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों व अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि 4 मई को सुबह 5 बजे से मतगणना समाप्त होने तक कमलगढ़ से राशनवाला चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतय प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्ट की व्यवस्था की है। परंतु आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस सुविधा के लिए यह रास्ता खुला रहेगा।इस दिन शहर में कई स्थानों पर नाकाबंदी की गई है। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू कॉलेज में सभी चारों मतगणना केंद्रों पर चप्पे-चप्पे पर नजर रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर अलग-अलग सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किया गया है। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी एसीपी स्तर के अधिकारियों को लगाया गया है।सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेने के लिए सोमवार को पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अर्पित जैन ने राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को 4 मई को झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर यातायात सुचारू बनाए रखने, मतगणना केंद्र के आसपास वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और मतगणना केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कॉलेज के प्रवेश द्वारों और मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार पर प्रत्येक व्यक्ति की गहनता से जांच करने के बाद ही जाने दिया जाएगा।पुलिस उपायुक्त ने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग से विशेष पुलिस बल दंगा विरोधी पूरे साजो सामान सहित रिजर्व रखा गया है।

मतगणना को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस उपायुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा