*चुनाव का पर्व-देश का गर्व*
*मतदाताओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे सूचना व जनसंपर्क विभाग के कलाकार*
*जिला भर में प्रभावी रूप से जारी हैं स्वीप गतिविधियां*

झज्जर, 08 अप्रैल लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
लोकसभा आम चुनाव में मतदाताओं को जागरूक कर बढ़ चढकऱ मतदान करने व मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की प्रचार टीम के कलाकार गांव-गांव जाकर जिला प्रशासन की ओर से जिला में चलाए जा रहे स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) अभियान के तहत आमजन को वोट बनवाने के साथ ही वोट डालने के लिए प्रेरित व जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विभाग के लीडर सतबीर सिंह, जीतेंद्र, कमल सिंह, अमन,रामनिवास आदि पार्टी कलाकार ढोलक, चिमटा व हारमोनियम की धुनों पर ‘सुण ल्यो भाई सारे मतदाताओं, वोट डाल के आना सै, आपणे हाथां तै थामनै भारत का भाग्य बनाना सै…’ जैसे मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले गीत व भजन गाते हुए सहज ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। भजन मंडली कलाकारों द्वारा मतदाता जागरूकता गीतों व भजनों के माध्यम से लोगों को बढ़ चढकऱ मतदान करने के लिए प्रेरित व जागरूक किया जा रहा है। भजन मंडली कलाकार ग्रामीणों से वोट बनवाने का आह्वान करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में वोट का शत प्रतिशत प्रयोग करने बारे जागरूक कर रहे हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वोट बनवाने व मतदान करने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए झज्जर जिला में स्वीप अभियान के तहत विभिन्न प्रकार की जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं तथा विभिन्न प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों के द्वारा लोगों को जागरूक किया रहा है। स्वीप गतिविधियों के लिए एडीसी सलोनी शर्मा बतौर नोडल अधिकारी कार्य करते हुए गतिविधियों के सफल आयोजन की मॉनिटरिंग कर रही हैं। जिले के प्रत्येक मतदाता को प्रेरित व जागरूक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए एक-एक मतदाता तक पहुंच कर उनके वोट की महता और लोकतंत्र के महापर्व के बारे में जानकारी दी जा रही है ताकि चुनाव पर्व देश का गर्व थीम को सही मायनों में चरितार्थ किया जा सके। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी जागरूक किया जा रहा है। जिला में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियां जारी रहेंगी।