*चैत्र नवरात्रि आज से,श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से होंगे माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन : एसडीएम*
*-बेरी में नवरात्रों की शुरुआत से ही माता के दर्शन को आते हैं श्रद्धालु*
*माता भीमेश्वरी देवी का मुख्य मेला 14 से 16 अप्रैल तक लगेगा*

बेरी(झज्जर ),08 अप्रैल लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

एसडीएम रविंद्र मलिक ने कहा कि बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में प्रत्येक श्रद्धालु को बिना किसी कठिनाई के माता के दर्शन हो सकें, इसके लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इस बार मंगलवार 09अप्रैल से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो रही है और पहले नवरात्र से ही माता के दर्शन को श्रद्धालु आना शुरू हो जाते हैं। मेले में प्रशासन द्वारा सभी जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मेला में आने वाले हर व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के देवी के दर्शन हों,जिसके चलते संबंधित विभागों के अधिकारी तैयारियों को पूरा करने में लगे हुए हैं। एसडीएम ने माता भीमेश्वरी देवी मेला परिसर का दौरा करते हुए सुविधाओं का निरीक्षण किया।

-श्रद्धालुओं की सुविधा को लगेंगी एलईडी स्क्रीन
एसडीएम रविंद्र मलिक ने बताया कि इस बार देवी मेला के चलते मंदिर परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिससे दर्शन की कतार में लगे माता भक्तों को माता के दर्शन आसानी से हो सकें। उन्होंने बताया कि देवी दर्शन के चलते भीड़ होने के कारण कई बार दर्शन ठीक ढंग से नहीं हो पाते, ऐसे में मंदिर परिसर में बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है,जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु माता के स्वरूप को आसानी से देखकर पूजा अर्चना कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मेला में भी जरूरत अनुसार भक्तों की सुविधा के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की जा रही है।
-श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को लेकर चाक चौबंद रहेगी व्यवस्था
एसडीएम ने बताया कि आगामी 14 से 16 अप्रैल को लगने वाले बेरी मेला में सप्तमी और अष्टमी के दिन मां भीमेश्वरी देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है,जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। उन्होंने बताया कि मेला में किसी प्रकार की सिथति से निपटने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। मेले की सुरक्षा के चलते चप्पे-चप्पे पर पुलिस रहेगी।
उन्होंने बताया कि मेला में पार्किंग, सुरक्षा, पीने के पानी, रात्रि के समय रोशनी के इंतजाम, स्वास्थ्य सुविधाएं, अस्थाई शौचालय, सीसीटीवी, अग्निशमन सेवाएं आदि इंतजामों की व्यवस्था को लेकर सार्थक प्रयास किये गए हैं। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ के चलते कानून व्यवस्था की स्थिति पर पैनी नजर रहेगी।