*आदर्श आचार संहिता में केवल नए कार्यों पर रोक, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करें अधिकारी: डीसी*
*- डीसी ने अधिकारियों को मीटिंग में दिये निर्देश, बोले – जन-समस्याओं के प्रति कोताही नहीं होगी बर्दाश्त*
*झज्जर, 28 मार्च। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित विभागाध्यक्षों की मीटिंग में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता में आमजन की मूलभूत जरूरतों से जुड़े कार्य व उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। अगर कोई अधिकारी एमसीसी का बहाना बनाते हुए आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
डीसी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता में किसी प्रकार का नया कार्य शुरू नहीं किया जा सकता व नए टेंडर जारी नहीं किये जा सकते। लेकिन आमजन के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का समाधान करने पर किसी प्रकार की पाबंदी नहीं है। उन्होंने कहा कि बिजली ,पानी, सीवरेज, शिक्षा, चिकित्सा आदि मूलभूत सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए। इसके अलावा वेलफेयर से संबंधित रूटीन के कार्य जैसे बुढ़ापा पेंशन आदि से जुड़े कार्य निर्धारित समय में पूरा करते हुए लाभार्थियों को इसका लाभ दिया जाए। विभिन्न विभागों की निर्माण शाखाओं के अधिकारियों को निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि एमसीसी के दौरान कंडम बिल्डिंग की रिपेयरिंग का कार्य किया जा सकता है। डीसी ने कहा कि कई विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन पोर्टल है व इन पोर्टल पर मूलभूत समस्याओं के समाधान से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद डॉ सुभिता ढाका, डीएमसी परवेश कादयान, सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप,इंजीनियरिंग विभागीय अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष मौजूद रहे।