मादक पदार्थ चरस के साथ एक आरोपी काबू,49.74 ग्राम चरस बरामद

साल्हावास 28 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

नशा विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एंटीनार्कोटिक सेल झज्जर की टीम द्वारा एक आरोपी को मादक पदार्थ चरस के साथ काबू किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक सेल झज्जर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि एंटीनार्कोटिक सेल की एक टीम थाना साल्हावास के एरिया में मौजूद थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि जितेंद्र निवासी रूढ़ियावास जिला झज्जर मादक पदार्थ की तस्करी का अवैध धंधा करता है।वह आज नौगांवा बस अड्डे के नजदीक नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। जिस गुप्त सूचना के आधार पर एंटीनारकोटिक सेल झज्जर में तैनात सहायक उप निरीक्षक सोहन के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम द्वारा थाना के एरिया से मादक पदार्थ चरस के साथ एक आरोपी को काबू किया गया। पकड़े गए आरोपी के पास मादक पदार्थ होने के संदेह पर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। जिसके पश्चात मौका पर पहुंचे राजपत्रित अधिकारी के समक्ष नियम अनुसार कार्रवाई करते हुए उपरोक्त आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से नशीला पदार्थ चरस बरामद हुआ। जिसका वजन करने पर 49.74 ग्राम पाया गया। मादक पदार्थ चरस के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना साल्हावास में मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।