*जिला व ब्लॉक स्तर पर आज आयोजित होंगे लखपति दीदी महासम्मेलन : डीसी कैप्टन शक्ति सिंह*
*- वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम मनोहर लाल*
*- झज्जर जिला में 7 स्थानों पर होगा कार्यक्रम, बादली में मुख्य अतिथि रहेंगे ओपी धनखड़ व झज्जर में राजपाल जांगड़ा*
*- महिलाओं के जीवन में आर्थिक समृद्धि के द्वार खोलेगी लखपति दीदी योजना*
*- महासम्मेलन में होंगे तकनीकी सत्र, कौशल विकसित करने का मिलेगा ज्ञान*
*- लखपति दीदी योजना में महिलाओं को स्वावलंबी बनने की मिलेगी ट्रेनिंग*
*झज्जर, 05 मार्च।* लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं को आर्थिक रूप से समृद्ध करने के लिए लखपति दीदी योजना शुरू की है जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी बनाते हुए उनकी आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना है। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार दिनांक 6 मार्च को लखपति दीदी महासम्मेलन के तहत झज्जर जिले में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे व पीएम श्री नरेंद्र मोदी व सीएम श्री मनोहर लाल वर्चुअल माध्यम (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) से सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
डीसी ने बताया कि कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि बादली में भाजपा के राष्ट्रीय औमप्रकाश धनखड , झज्जर के राजकीय नेहरू कॉलेज आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, बहादुरगढ़ में पूर्व विधायक नरेश कौशिक, मातनहेल में डॉ राकेश कुमार, सालहावास में दिनेश शास्त्री, बेरी में विक्रम कादयान, माछरौली में आनंद सागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 9:30 से 10 बजे तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया होगी, जिनमें सेल्फ हेल्प ग्रुप (स्वयं सहायता समूह) रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके बाद 10:30 बजे सीएम मनोहर लाल महासम्मेलन को संबोधित करेंगे व 11:00 बजे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को संबोधित करेंगे। डीसी ने बताया कि सीएम व पीएम के संबोधन के बाद तीन तकनीकी सत्र होंगे जिनके द्वारा महिलाओं को लखपति दीदी योजना की जानकारी विस्तार से दी जाएगी। पहले सत्र में लखपति दीदी लाइवलीहुड प्लान के बारे में बताया जाएगा। दूसरे सत्र में फाइनेंस मैनेजमेंट व तीसरे सत्र में बिजनेस डेवलपमेंट प्लान के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि महासम्मेलन महिलाओं के लिए काफी फायदेमंद रहेगा व महिलाओं में कौशल विकसित होगा।
*महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगी लखपति दीदी योजना*
डीसी ने बताया कि लखपति दीदी योजना देश में महिलाओं को आर्थिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना के तहत महिलाओं में कौशल को विकसित करना है। कौशल विकास प्रशिक्षण के तहत महिलाओं को ड्रोन संचालन, प्लंबिंग, एलईडी बल्ब बनाने, उनकी मरम्मत करने जैसी कई तरह की अन्य ट्रेनिंग भी दी जाती है, जिससे महिलाएं स्वावलंबी बन सके।
*बिजनेस शुरू करने के लिए मिलेगा ब्याज मुक्त लोन*
डीसी ने बताया कि लखपति दीदी योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को किसी स्वयं सहायता समूह के साथ जुडक़र बिजनेस प्लान तैयार करना होगा। इसके बाद स्वयं सहायता समूह के जरिए यह प्लान व आवेदन सरकार के पास भेजा जाता है। बिजनेस प्लान की समीक्षा के बाद यदि आपका आवेदन स्वीकार हो जाता है तो योजना के तहत नियमानुसार इंटरेस्ट फ्री लोन दिया जाएगा।
