झज्जर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में अतिवाँछित दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्त में आए बदमाशों के संबंध में प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक झज्जर डॉ अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक एसटीएफ हरियाणा श्री वसीम अकरम व डीसीपी स्पेशल सेल दिल्ली श्री मनोज सी ने विस्तृत जानकारी दी गई

अतिवाँछित आरोपियों को पकड़ने के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा घोषित किया था एक -एक लाख रुपए का इनाम

बहादुरगढ़   04 मार्च :-  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में झज्जर पुलिस, एसटीएफ हरियाणा व स्पैशल सैल दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीमों ने उपरोक्त मामले पर गहनता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई है। बहादुरगढ़ में हुई हत्या की उपरोक्त वारदात के पश्चात मौका से फरार हुए अति वांछित बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमों द्वारा लगातार गहन प्रयास किए जा रहे थे। गिरफ्त में आए बदमाशों के संबंध में प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक झज्जर डॉ अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक एसटीएफ हरियाणा श्री वसीम अकरम व डीसीपी स्पेशल सेल दिल्ली श्री मनोज सी ने विस्तृत जानकारी दी गई। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 25 फरवरी 2024 को राकेश उर्फ संजय निवासी बहादुरगढ़ से सूचना प्राप्त हुई थी कि आसौदा से एक सामाजिक कार्यक्रम से वापिस बहादुरगढ़ आते समय रास्ते मे बराही रोड़ फाटक के नजदीक कुछ अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर पूर्व विधायक नफे राठी व उनके साथी जयकिशन की हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात के दौरान गाड़ी में सवार दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। उपरोक्त वारदात की सूचना उपरांत तत्परता से मौका पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस द्वारा साक्ष्य एकत्रित करने व दोषियों की धरपकड़ को लेकर कार्यवाही अमल में लाई गई। वारदात के पश्चात मौका से फरार हुए अज्ञात दोषियों के खिलाफ थाना लाइनपार बहादुरगढ़ में हत्या व अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। हत्या की उपरोक्त वारदात को अंजाम देने के पश्चात फरार हुए दोषियों की धरपकड़ व मामले को सुलझाने के लिए जिला झज्जर पुलिस, एसटीएफ हरियाणा व दिल्ली पुलिस की टीमों द्वारा गहनता से करवाई अमल में लाई गई। पुलिस की संयुक्त टीमों के अथक प्रयासो से वारदात के वांछित दो आरोपियों को गोवा के एरिया से काबु किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सचिन व आशीष निवासी नांगलोई दिल्ली के तौर पर हुई।
उन्होंने बताया कि डीएसपी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सीआईए बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक जयवीर व उसकी टीम में तैनात उप निरीक्षक विजयपाल, उप निरीक्षक रिषि, सहायक उप निरीक्षक तेन सिंह व सिपाही रविंद्र, एसटीएफ हरियाणा से उपनिरीक्षक राकेश कुमार, पीएसआई मनोज कुमार, सिपाही अमीर व अनिल कुमार, स्पेशल सेल से एसीपी संजय दत्त, इंस्पेक्टर संदीप डबास, उप निरीक्षक अरुण दहिया, उप निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षकधर्मेंद्र, सहायक उप निरीक्षक कर्मवीर, मुख्य सिपाही भूपेंद्र की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी सचिन निवासी नांगलोई दिल्ली की प्राथमिक जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ दिल्ली में लूटपाट की दो वारदातों के अलावा सोनीपत में अवैध हथियार के संबंध में एक आपराधिक मामले दर्ज है। आरोपी सचिन के पिताजी सब्जी बेचने का काम करते हैं और सचिन ने नवमी क्लास तक पढ़ाई की हुई है। आरोपी आशीष निवासी नांगलोई के पिताजी की मौत हो चुकी है। वह आठवीं क्लास तक पढ़ा हुआ है। आरोपी आशीष पर लड़ाई झगड़े के अपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए उपरोक्त दोनों आरोपियों को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया जाएगा। दोनों को पूछताछ के लिए पुलिस डिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ में आरोपी किस आपराधिक गिरोह से संबंध रखते हैं तथा वारदात को अंजाम देने के पीछे कारण क्या रहे के संबंध में खुलासा होने की संभावना है।