2010 बैच के आईएएस अधिकारी श्यामलाल पूनिया ने संभाला झज्जर डीसी का पदभार :
– सोनीपत डीसी पद से स्थानांतरित होकर अब झज्जर डीसी पद की जिम्मेवारी संभाली
– डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा- कोरोना रोकथाम सहित आधारभूत ढांचागत विकास पर रहेगा फोकस
झज्जर, 05 जून
2010 बैच के आईएएस अधिकारी श्यामलाल पूनिया ने शनिवार को झज्जर जिला के 21वें डीसी के रूप में पदभार संभाला। नवनियुक्त उपायुक्त श्री पूनिया ने बतौर डीसी का कार्यभार संभालते हुए निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार के साथ झज्जर जिला की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। दोनों आईएएस अधिकारियों ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को प्रेरित किया कि जनसेवा केे प्रति वे अपनी जिम्मेवारी निरंतर प्रभावी रूप से निभाते हुए बेहतरीन प्रशासनिक टीम का परिचय दें। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हरियाणा सरकार की ओर से जारी आदेश अनुरूप झज्जर डीसी जितेंद्र कुमार का तबादला चंडीगढ़ स्थित प्रबंध निदेशक हरियाणा स्टेट कॉ-ऑपरेटिव फेडरेशन ऑफ शुगर मिल्स तथा सोनीपत के डीसी श्यामलाल पूनिया को झज्जर जिला का डीसी नियुक्त किया है। निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार ने नवनियुक्त डीसी श्यामलाल पूनिया का झज्जर जिला प्रशासन की ओर से स्वागत करते हुए उन्हें चार्ज सौंपा।
झज्जर प्रशासन की कार्यशैली सराहनीय : श्यामलाल पूनिया
शनिवार को कार्यभार संभालने उपरांत डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि झज्जर जिला में कोरोना रोकथाम को लेकर किए गए प्रबंधों के आधार पर जो कोरोना से दूरी बनाने में प्रशासन ने अपनी भागीदारी बेहतर ढंग से निभाई है वह निश्चित तौर पर सराहनीय है। ऐसे में अब हमें फिर से सतर्क एवं सजग रहते हुए कोरोना की आगामी किसी भी रूप की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में प्रभावी कदम उठाने हैं। उन्होंने बताया कि आपदा के इस दौर में कोरोना से प्रभावित हुए लोगों को हर संभव सेवाएं तथा जरूरतमंद की मदद करते हुए पात्र व्यक्ति को योजना में शामिल कर उन्हें राहत पहुंचानी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से उठाए जा रहे सकारात्मक कदम निश्चित तौर पर जिला के हर व्यक्ति के हितों में हैं।
टीम भावना के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा व विकास कार्यों पर रहेगा फोकस : डीसी
डीसी श्यामलाल पूनिया ने पदभार संभालने के साथ ही जिला के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक भी की। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ जिस प्रकार झज्जर जिला प्रशासन कार्य अब तक करता आया है, अब उनके साथ फिर से वे पूरी संजीदगी के साथ कार्य करते हुए जिला झज्जर को स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से तथा विकास कार्यों पर फोकस रखते हुए आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से जो भी योजनाएं जिला स्तर पर चल रही हैं उनके नियमित तौर पर क्रियान्वयन को लेकर पूरी मॉनिटरिंग करते हुए सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने जिला के सभी एसडीएम से रूबरू होते हुए कहा कि आज भले ही हम कोरोना महामारी की दूसरी लहर से बचाव करते हुए आगे बढ़ रहे हैं किंतु अभी सावधान रहना है और स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ ही विकासात्मक पहलुओं पर भी पूरा ध्यान देते हुए आधारभूत ढांचागत विकास में भी सहभागिता प्राथमिकता के आधार पर निभानी है। किसी भी रूप से आमजन को परेशानी न हो इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी ड्यूटी का निर्वहन सामाजिक सद्भाव के साथ करें और व्यवहार कुशलता के साथ सुखद माहौल बनाए रखते हुए जनसेवा को समर्पित होकर ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि बतौर प्रशासनिक अधिकारी सभी मानवीय मूल्यों के आधार पर कार्य कर रहे हैं और जनसेवा के प्रति सभी नैतिकता को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर कार्य जारी रखें।
प्रेजेंस ऑरियेंट होने के साथ ही पर्फोमर ऑरियेंटिड होना बेहद जरूरी : जितेंद्र कुमार
निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार ने झज्जर जिला के अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि जिस त्याग व समर्पण भाव से कोरोना महामारी का पिछले दो माह में झज्जर प्रशासनिक टीम ने दिन रात इस चुनौती को स्वीकार करते हुए समाधान पर ध्यान दिया है वह अनुकरणीय है। कोरोना से ग्रस्त होने के बावजूद भी प्रशासनिक अधिकारियों ने टीम भावना के साथ हर पहलू पर आमजन के स्वास्थ्य सुधार के प्रति प्रदत्त कार्य को पूरा करते हुए झज्जर जिला को कोरोना मुक्त करने की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाए। उन्होंने अपने विचारों की अभिव्यक्ति से झज्जर प्रशासन टीम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली को सलाम किया। उन्होंने एसडीएम को कहा कि प्रेजेंस ऑरियेंटिड होने के साथ ही पर्फोमर ऑरियेंटिड बनकर ही जनसेवा के दायित्व को बखूबी निभा सकते हैं, ऐसे में सभी अपना बेस्ट देने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया नवनियुक्त डीसी का स्वागत :
झज्जर में बतौर डीसी कार्यभार संभालने के दौरान एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर शिखा, एसडीएम बेरी रविंद्र कुमार, एसडीए बादली विशाल कुमार, एसडीएम बहादुरगढ़ हितेंद्र शर्मा, सीटीएम शिवजीत भारती, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीडीपीओ ललिता वर्मा, डीआरओ बस्तीराम, डीआईओ अमित बंसल, तहसीलदार नरेंद्र दलाल सहित अन्य संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों ने नवनियुक्त डीसी श्यामलाल पूनिया का स्वागत किया तथा निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार को नई जिम्मेवारी मिलने पर शुभकामनाएं दी।
झज्जर में निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार ने नवनियुक्त डीसी श्यामलाल पूनिया को चार्ज सौंपते हुए शुभकामनाएं दी।
फोटो नंबर : 05 डीसी झज्जर चार्ज
झज्जर में अधिकारियों की बैठक लेते डीसी श्यामलाल पूनिया, साथ हैं निवर्तमान डीसी जितेंद्र कुमार।
फोटो नंबर : 05 डीसी मीटिंग
कैप्शन : झज्जर में डीसी की बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारीगण।
फोटो नंबर : 05 ऑफिसर्स इन मीटिंग
97.3 प्रतिशत कोरोना रिकवरी रेट के साथ स्वस्थ दिशा में आगे बढ़ रहा है झज्जर :
– शनिवार को 52 मरीज हुए स्वस्थ, महज 15 नए कोरोना संक्रमित केस आए सामने
झज्जर, 05 जून
कोरोना महामारी से दूरी बनाते हुए झज्जर जिला प्रशासन व्यापक स्वास्थ्य प्रबंधन के कारण अब स्वस्थ दिशा में आगे बढ़ रहा है। कोरोना रोकथाम की दिशा में झज्जर के सार्थक कदम निश्चित तौर पर जनसेवा को समर्पित रहे हैं। यही कारण है कि व्यापक स्वास्थ्य सुधार भी अब जिला में नजर आ रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाते हुए आए दिन कोरोना को मात दे लोग स्वस्थ हो रहे हैं और नए केस भी अब कम आ रहे हैं। जिला में रिकवरी रेट में बढ़ोतरी होते हुए आंकड़ा अब 97.3 फीसदी पर पहुंच गया है। डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चैन को तोडऩे के लिए जिला में स्वास्थ्य जांच टीम ने पहुंचकर सुखद स्वस्थ माहौल बनाने की दिशा में कदम निरंतर बढ़ाए हैं। कोरोना रूपी सुरक्षा कवच झज्जर जिला वासियों को वैक्सिनेशन के रूप में दिया जा रहा है।
शनिवार तक 218 कोरोना एक्टिव केस :
डीसी श्यामलाल पूनिया ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिए गए आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना संक्रमण की चैन को तोडऩे के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जिला में कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर 97.3 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने बताया कि जिलेभर में अभी तक कुल 18 हजार 623 मरीज कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए, जिनमें से 18 हजार 120 मरीज स्वास्थ्य सेवाएं लेते हुए अब पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को 52 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 15 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। डीसी ने बताया कि 179 मरीज फिलहाल होम आइसोलेट हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। कुल कोरोना एक्टिव केस अब झज्जर जिला में 218 रह गए हैं।
हर शख्स निभाएं पर्यावरण प्रहरी की भूमिका : डीसी
– विश्व पर्यावरण दिवस पर डीसी श्यामलाल पूनिया ने पर्यावरण प्रहरी बनने का किया आमजन को आह्वान
झज्जर, 05 जून
डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि कोरोना महामारी रूपी आपदा के इस दौर में जिस प्रकार ऑक्सीजन मनुष्य के लिए प्राणवायु के रूप में अहम रही है, ऐसे में इस चुनौती का सामना करने के लिए पर्यावरण के प्रति और अधिक संजीदगी बरतते हुए पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभानी होगी। डीसी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला वासियों को प्रेरित किया और कहा कि बदलते परिवेश में हर शख्स को अब पर्यावरण प्रहरी की भूमिका निभानी होगी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डीसी श्यामलाल पूनिया ने आमजन से आह्वïान किया कि पर्यावरण प्रहरी बनते हुए पौधरोपण अधिक से अधिक करने के साथ ही उनके संरक्षण की भी जिम्मेवारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वस्थ जीवन जीने के लिए यह भी जरूरी है कि हम पर्यावरण को शुद्ध रखें। पर्यावरण दिवस पर नागरिक यह संकल्प लें कि हमें पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना है। नागरिक पेड़ लगाए, पानी को व्यर्थ न गवाएं। उन्होंने कहा कि हर आदमी को संकल्प लेना है वह अपने अथवा परिवार में किसी भी शुभ अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाए और पेड़ बनने तक उसके संरक्षण में भी भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति निभाई गई जिम्मेवारी प्रदूषण नियंत्रण में भी सहायक है। डीसी ने जिले वासियों से अपील की कि प्रदूषण को कम करके पर्यावरण को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को पर्यावरण के संरक्षण में आगे आना चाहिए। सभी को अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाने चाहिए। जिससे अधिक पेड़ होंगे, पर्यावरण उतना ही स्वच्छ होगा। उन्होंने कहा कि वनों की संख्या लगातार कम हो रही है, जिससे धरती के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। तापमान में बढ़ोतरी से ग्लेशियर पिघल रहे हैं जिससे समुद्र का जल स्तर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब हम अपने घर या ऑफिस से बाहर जाते हैं तो पंखे, एयर कंडीशनर आदि को बंद करके जाएं और जहां तक हो सके एयर कंडीशनर का प्रयोग जरूरत के हिसाब से करें क्योंकि इससे निकलने वाली क्लोरा फ्लोरा गैस पर्यावरण को नुकसान करती है। उन्होंने जिला वासियों से स्वच्छता बनाए रखते हुए पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने के लिए प्रोत्साहित किया
परिवार पहचान पत्र के मद्देनजर मुखिया के हस्ताक्षर अपलोड करने अनिवार्य : एडीसी
झज्जर, 05 जून
परिवार पहचान पत्र के तहत आय सत्यापन प्रक्रिया झज्जर जिला प्रशासन की ओर से प्रभावी ढंग से अमल में लाई जा रही है। एडीसी जगनिवास ने जानकारी देते हुए सत्यापन कमेटी को बताया कि कन्फर्मेशन पेज पर परिवार के मुखिया के हस्ताक्षर करवा कर उसे अपलोड करना अनिवार्य है तभी फैमिली डाटा को पूर्ण माना जाता है। एडीसी ने बताया कि जिले में लगभग 262070 परिवार हैं जिसमे से 234034 लोगों ने अपने परिवार पहचान पत्र को अपडेट करवा लिया है और परिवार के मुखिया के हस्ताक्षर सहित 197828 लोगों ने फैमिली डाटा को पूर्ण करवाया है।
परिवार पहचान पत्र के नोडल ऑफिसर (शिक्षा विभाग) रविंद्र कौशिक ने बताया कि देखने में आया है बहुत सारे लोगों ने अपनी फैमिली डिटेल को अपडेट तो करा लिया है लेकिन अपडेट करने के बाद उसका प्रिंट लेकर उस पर परिवार के मुखिया के हस्ताक्षर करवा कर अपलोड नहीं करवाया है। सरकार व जिले के सभी विभागाध्यक्षों द्वारा फैमिली डिटेल अपडेट और अपलोड कराने बारे दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। रविंद्र कौशिक ने बताया कि जिले में अभी भी 36203 ऐसे लोग है जिनकी फैमिली डिटेल बिना हस्ताक्षर के लंबित पड़ी हैं ऐसे में वे तुरंत प्रभाव से परिवार पहचान पत्र प्रक्रिया में भागीदार बनते हुए डिटेल अपडेट करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty − 13 =