ऑनलाइन फ्रॉड का हो गए हो शिकार तो पोर्टल पर ऑनलाइन करें शिकायत दर्ज या 1930 पर कॉल करके दे जानकारी

साइबर फ्रॉड होने पर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के बारे में पुलिस उपायुक्त ने दी विस्तृत जानकारी

झज्जर  08 अप्रैल लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

आजकल पढ़े-लिखे लोग भी घर बैठे पैसे कमाने के चक्कर में साइबर ठगी के शिकार हो रहे हैं। जिस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन ने बताया कि झज्जर पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा स्कूलों, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानो, कंपनियां,व फैक्ट्री आदि में जाकर लोगों को साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूक किया जा रहा है क्योंकि साइबर फ्रॉड से बचने का तरीका केवल जागरूकता ही है अगर हम जागरुक है तो हम साइबर फ्रॉड से बच सकते हैं। पुलिस उपायुक्त ने साइबर अपराधियों द्वारा ठगी के लिए प्रयोग किए जा रहे विभिन्न तरीकों के बारे में बताते ‌हुए ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर-1930 पर कॉल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगों द्वारा फेक आईडी, फेक लिंक, फेक ईमेल, फेक नौकरी, फेक कॉल व मैसेज सहित विभिन्न प्रकार से बैंक डेबिट व क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने के नाम पर, कार व दुपहिया वाहन व अन्य सामान ऑनलाइन बेचने व खरीदने के नाम पर, पॉलिसी रिन्यू करने के नाम पर, लोन देने के नाम पर, मॉर्फ की गई न्यूड वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी देने के नाम पर इत्यादि प्रकार से ठगी की जा रही है।किसी भी व्यक्ति को मोबाइल पर आने वाले ओटीपी व बैंक खाते संबंधी कोई भी जानकारी न दें। ठग बैंक अधिकारी बन कर ठगी करते है। मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक व किसी भी इनाम और ऑफर के लिंक को ओपन न करें ऐसा करने पर आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं। इसलिए हमें साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूक होना बहुत जरूरी है।
सही जानकारी होने पर कुछ लोगों के पैसे वापस मिल जाते हैं। इसके अलावा कुछ लोग सोशल मीडिया पर बदनाम होने से भी बच जाते हैं। हरियाणा सरकार द्वारा साइबर क्राइम या फ्रॉड की शिकायत करने के लिए एक पोर्टल बनाया है।आप 1930 पर कॉल करके शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा https://cybercrime.gov.in/ पर जाकर लिखित शिकायत कर सकते हैं।
इस साइट पर जाने के बाद होमपेज पर दिख रहे शिकायत दर्ज करें के बटन पर क्लिक करें। अगले पेज पर नियम और शर्तें पढ़ें और स्वीकार करें।
‘अन्य साइबर अपराध की रिपोर्ट करें’ बटन पर क्लिक करें।
‘नागरिक लॉगिन’ विकल्प चुनें और नाम, ईमेल और फोन नंबर जैसी जानकारी दें।
अपने रजिस्टर्ड फोन नंबर पर भेजे गए ओटीपी को दर्ज करें, और सबमिट बटन पर क्लिक करें।
अगले पेज पर, उस साइबर अपराध के बारे में जानकारी प्रदान करें जिसकी आप रिपोर्ट करना चाहते हैं।
इस फॉर्म को चार भागो में विभाजित किया गया है-सामान्य जानकारी, पीड़ित जानकारी, साइबर अपराध की जानकारी और प्रीव्यू।
प्रत्येक भाग में मांगी गई आवश्यक जानकारी दें।
जानकारी को ठीक से देखने के बाद ‘सबमिट’ बटन पर क्लिक करें।
अब एक नए पेज पर क्राइम की पूरी जानकारी जैसे स्क्रीनशॉट, मोबाइल नंबर या अन्य फाइलें अपलोड करें और सेव एंड नेक्स्ट’ पर क्लिक करें।
जानकारी वेरिफाइड करें और ‘सबमिट’ बटन पर क्लिक करें।
आपको एक कंफर्मेशन मैसेज प्राप्त होगा कि आपकी शिकायत दर्ज कर ली गई है।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें। इस प्रकार से आप साइबर पोर्टल पर अपनी रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं।