लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
थाना साइबर क्राइम रोहतक रेंज रोहतक की टीम ने किया दोनों को काबू
पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को लिया गया 06 दिन के पुलिस रिमांड पर
रोहतक
फाइनेंस कंपनी से लोन देने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए साइबर क्राइम थाना रोहतक रेंज रोहतक की टीम द्वारा गिरोह के सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई। थाना प्रबंधक इंस्पैक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना रोहतक रेंज रोहतक की टीम ने ठगी करने वाले गिरोह के दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। लोन देने का झांसा देकर एक महिला से 05 लाख 50 हजार रुपए ठगने वाले गिरोह के दोनों आरोपियों को साइबर क्राइम थाना रोहतक रेंज की टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। थाना में तैनात सहायक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने ठग गिरोह के दो आरोपियों को जिला जींद से गिरफ्तार किया गया। जानकारी देते हुए थाना प्रबंधक साइबर क्राइम रोहतक रेंज निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव भराण जिला रोहतक निवासी एक महिला ने शिकायत देते हुए बताया था कि उसने एक फाइनेंस कंपनी से लोन लेने के लिए अप्रैल 2019 में फाइल लगाई थी। शुरू में फाइल चार्ज के नाम पर उससे 21000 लिए गए। उसके बाद कभी इंश्योरेंस कभी कुछ का नाम लेकर लोन लेने वालों ने उससे अलग-अलग खातों में डलवा कर कुल पांच लाख पचास हजार रुपये ठग लिए। जिसके पश्चात अब तक उसे कोई लोन नहीं दिया गया। उनसे फोन नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनके फोन भी बंद आ रहे हैं। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुलाई 2019 में थाना महम जिला रोहतक में धोखाधड़ी का आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। ऑनलाइन ठगी के उपरोक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की गहनता से छानबीन करने तथा वांछित दोषियों को पकड़ने के लिए साइबर क्राइम थाना रोहतक रेंज रोहतक द्वारा कार्रवाई अमल में लाई गई। मामले पर गहनता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन ठगी व साइबर क्राइम के मामलों को सुलझाने तथा वांछित दोषियों की धरपकड़ के संबंध में एडीजीपी रोहतक रेंज संदीप खिरवार के दिशा निर्देश अनुसार व पुलिस अधीक्षक रोहतक राहुल शर्मा के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम थाना रोहतक की टीम द्वारा गहनता से जांच पड़ताल की कार्रवाई अमल में लाई गई। साइबर क्राइम थाना की टीम ने मुस्तैदी से कार्रवाई करके दो आरोपियों को गिरफ्तार करके ठग गिरोह का पर्दाफाश किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरेश कुमार व रविंदर दोनों निवासी गांव हसनपुर तहसील अलेवा जिला जींद के तौर पर की गई। गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में ठगी के मामले का खुलासा किया। पकड़ा गया आरोपी रविंदर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का सरगना है। आरोपियों ने कस्बा महम निवासी एक महिला को लोन का झांसा देकर अलग-अलग चार्ज के नाम पर पांच लाख 50 हजार रुपए ठगे थे। सरगना सहित पुलिस की गिरफ्त में आए गिरोह के उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दोनों को माननीय अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए 06 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी करने के उपरोक्त मामले की गहनता से छानबीन लगातार जारी है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में ठगी के गिरोह में और कौन-कौन दोषी शामिल हैं, के संबंध में भी खुलासा होने की संभावना है। ठगी गई रकम की बरामदगी सहित उपरोक्त मामले के अन्य वांछित दोषियों की धरपकड़ के लिए साइबर क्राइम थाना की टीम द्वारा गहनता से कार्रवाई लगातार जारी है।
थाना साइबर क्राइम रोहतक रेंज की टीम द्वारा पकड़े गये दोनों आरोपी
