मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना से मिलेगा प्रगतिशील किसानों को सम्मान
– डीसी श्याम लाल पूनिया ने दी जानकारी, किसानों को सर्वोत्तम एवं नवीनतम कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करने में कारगर योजना
– योजना के तहत राज्य स्तर पर 8 व सभी हर जिला से 4 किसानों को मिलेगा सम्मान
झज्जर, 01 जनवरी जयपाल लाम्बा

। डीसी श्याम लाल पूनिया ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रगतिशील किसानों की पहचान कर उन्हें राज्य एवं जिला स्तर पर सम्मानित करने के लिए मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना की शुरुआत की है ताकि प्रगतिशील किसान अन्य किसानों को सर्वोत्तम एवं नवीनतम कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित कर सकें।
कृषि विभाग की वेबसाइट पर होगा आवेदन
डीसी श्री पूनिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कृषि फसलों की उच्च उत्पादकता प्राप्त करने के साथ-साथ पानी की बचत, फसल अवशेष प्रबंधन, जैविक खेती, एकीकृत कृषि प्रणालियों व टिकाऊ कृषि जैसी नवीनतम तकनीकी को अपनाने वाले किसानों को इस योजना के तहत पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रगतिशील किसान मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसान सम्मान योजना के तहत पुरस्कार प्राप्त करने के  लिए आगामी 15 जनवरी, 2022 तक कृषि विभाग की वेबसाइट  www.agriharyana.gov.in     पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला स्तर पर मिलेगा चार किसानों को सम्मान
उन्होंने बताया कि प्रगतिशील किसानों को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रुप में पांच लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में दो किसानों को तीन-तीन लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के लिए पांच किसानों को एक-एक लाख रुपये नकद प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जिला स्तर पर भी किसानों को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय श्रेणी में सभी 22 जिलों से चार-चार किसानों को पुरस्कार दिया जाएगा। इस प्रकार  जिला स्तर पर सांत्वना पुरस्कार के रूप में 88 किसानों को 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
राज्य व जिला स्तर पर कमेटी करेगी पुरस्कार के लिए चयन
उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रणालियों को अपनाने वाले प्रगतिशील किसानों की पहचान कर उन्हें नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करना है ताकि अन्य किसान इससे प्रेरित होकर सर्वाेत्तम एवं नवीनतम कृषि प्रणाली को अपनाकर अधिक से अधिक आय प्राप्त कर सकें। पुरस्कार चयन के लिए राज्य स्तर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के महानिदेशक तथा जिला स्तर पर डीसी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

19 − 1 =