*चुनाव का पर्व-देश का गर्व*
*सभी पात्र 26 अप्रैल तक वोट बनवाने के लिए करें आवेदन : रविंद्र मलिक*
*मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग ने शुरू किया वोटर हेल्पलाइन ऐप*
*बेरी (झज्जर), 04 अप्रैल।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
67 बेरी विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रविंद्र मलिक ने बेरी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के सभी व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज करवाएं। मतदाता सूची में नए नाम दर्ज करने की प्रक्रिया 26 अप्रैल तक चालू रहेगी।
उन्होंने नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई भी पात्र व्यक्ति 26 अप्रैल तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए फार्म 6 भरकर संबंधित बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय में आवेदन कर सकता है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर प्रकाशित मतदाता सूची को सभी मतदान केन्द्रों के बीएलओ को उपलब्ध करवा दिया गया है और कोई भी मतदाता बीएलओ से संपर्क करके सूची में अपना नाम चैक कर सकता है। साथ ही संबंधित मतदान केन्द्र के बीएलओ को नए वोट बनवाने या मतदाता सूची से नाम कट जाने की स्थित में दोबारा नाम जोडने के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि वोट बनवाने सहित मतदाता से संबंधित अन्य कार्यों के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा वोटर हेल्पलाइन नामक एप भी संचालित की जा रही है। इस एप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए उपमंडल प्रशासन का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मत का प्रयोग करे और बिना लोभ लालच या डर के वोट डाले। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार नए वोट बनवाने और क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।