*डिस्टलरी से निकलने वाली गाडिय़ों की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग: जिला निर्वाचन अधिकारी*
*-स्पेशल नाके लगाकर इन्फोर्समेंट बढ़ाएं आबकारी, कराधान व एसएसटी टीमें*
*- लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में डीसी ने अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश*
*झज्जर, 04 अप्रैल।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

लोकसभा चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने आबकारी एवं कराधान विभाग व एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम) एफएसटी (फ्लाईंग स्कवाड टीम)के अधिकारियों के साथ मीटिंग करते हुए अवैध तरीके से शराब की बिक्री व आवाजाही की पूर्ण रोकथाम के लिए सख्त रूप से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता की अनुपालना कराने में एफएसटी और एसएसटी टीमों का अहम रोल है। आदर्श आचार संहिता को मूर्त रूप से लागू करने के लिए चुनाव आयोग बहुत की गंभीर है। इस दौरान टीमों को सी-विजिल एप और ईइसएमएस एप के बारे और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
डीसी ने कहा कि डिस्टलरी से शराब लेकर निकलने वाली गाडिय़ों में जीपीएस अनिवार्य है। आवागमन के रूट भी तय किए जा रहे हैं। अगर चेकिंग के दौरान गाड़ी बगैर जीपीएस के मिलती है या निर्धारित रूट पर नहीं मिलती है तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि झज्जर की सीमा पर चैकिंग अभियान तेज करें व गांवों से होकर जाने वाले मार्गों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आबकारी व कराधान नियमों के खिलाफ कोई गतिविधि मिलती है तो त्वरित कार्रवाई करते हुए एक्शन लिया जाए। जिला में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मल्टी लेयर सिस्टम तैयार किया गया है जिससे की प्रभावी मॉनिटरिंग होगी। इसके अलावा एसएसटी टीमों को निर्धारित नाकों के अलावा सरप्राइज नाके लगाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मीटिंग में रविंद्र यादव एसडीएम झज्जर, सीटीएम शीतल, डीटीसी (एक्साइज) अनिरुद्ध, व डीटीसी (एसटी) आदित्येंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।