पुलिस कॉर्डिनेशन एंड रिव्यू मीटिंग में चुनाव तैयारियों को लेकर चर्चा
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस कमिश्नर की संयुक्त अध्यक्षता में हुई मीटिंग
अनुमति लेकर ही प्रचार करें प्रत्याशी, बगैर अनुमति प्रचार पर होगी कार्रवाई
पुलिस नाकों पर वाहनों की चेकिंग तेज, प्रचार गतिविधियों पर प्रशासन की नजर
झज्जर, 24 सितंबर। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस कॉर्डिनेशन एंड रिव्यू मीटिंग जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह एवं पुलिस कमिश्नर बी. सतीश बालन की संयुक्त अध्यक्ष में लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार शाम को आयोजित हुई। मीटिंग में पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन द्वारा की गई चुनाव तैयारियों के विषयों पर अधिकारियों ने गहनता के साथ चर्चा की। डीसी ने मीटिंग में मौजूद सभी एसीपी को कहा कि जिन पुलिस कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगी है उनके पोस्टल वोट के लिए फॉर्म 12 भरवाना सुनिश्चित किया जाए। चारों विधानसभा के लिए सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे जहां कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सुविधा मिलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बगैर अनुमति के चुनाव प्रचार के मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने चारों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी को प्रचार में इस्तेमाल होने वाले वाहनों, लाउडस्पीकर आदि के चेकिंग करने के निर्देश ताकि पूरी निष्पक्षता व पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न हों। पुलिस कमिश्नर बी. सतीश बालन ने कहा कि जिले में पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं व अतिरिक्त नाके लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने सभी एसीपी को शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि जिला व पुलिस प्रशासन बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से विधानसभा चुनाव संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीसीपी शशांक कुमार सावन, डीसीपी मयंक मिश्रा, एसीपी शुभम सिंह, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम बादली सतीश यादव, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, डीईटीसी अत्येंद्र सिंह के अलावा चारों विधानसभा क्षेत्रों के एसीपी मौजूद रहे
: चुनाव का पर्व-प्रदेश का गर्व
*रंगोली,पोस्टर मेकिंग,श्लोगन और शपथ के जरिए निरंतर आगे बढ़ रहा स्वीप अभियान*
*-जिलेभर की शिक्षण संस्थाओं के अलावा औद्योगिक संस्थान,सूचना एवं जनसंपर्क और महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में चल रही स्वीप गतिविधियां*
झज्जर, 24 सितंबर।
जिला में हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 के चलते जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन स्वीप अभियान चलाया जा रहा है। जिले में मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) अभियान के अंतर्गत शिक्षण संस्थाओं,आंगनवाड़ी सेंटर,औद्योगिक संस्थान के अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा निरंतर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत महिलाएं उत्साहपूर्वक मतदाता जागरूकता में योगदान दे रही हैं। इसके अलावा शिक्षण संस्थान रंगोली,श्लोगन,पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन कर मतदान को लेकर रचनात्मक संदेश दे रहे हैं। मंगलवार को दहकोरा,बादली,लडायन,निलोठी,महराना और बहादुरगढ़ क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की भागीदारी से न केवल मतदाता जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि आने वाले चुनावों में मतदान प्रतिशत में भी निश्चित रूप से सुधार होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इन गतिविधियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर योग्य मतदाता अपना वोट ज़रूर डाले और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। आगामी दिनों में इस अभियान के तहत और भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके और ग्रामीण मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयास जारी रहेंगे। दूसरी ओर बहादुरगढ स्थित कई औद्योगिक संस्थानों में भी मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत श्रमिकों को वोट के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई गई और उन्हें आगामी पांच अक्टूबर को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
——-
राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय बहादुरगढ़ में स्वीप अभियान के तहत रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी।
– गांव महराना में स्वीप अभियान के तहत मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित
– मतदाता जागरूकता अभियान में भाग लेती महिलाएं ।
: *हार जीत भूलकर प्रतिभागिता का आनंद लें विद्यार्थी : उपायुक्त*
*- दो दिवसीय कल्चरल फेस्ट 2024 के पहले दिन विद्यार्थियों ने बिखेरे कला के जलवे*
झज्जर,24 सितंबर।
जिला मुख्यालय स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झज्जर में मंगलवार से दो दिवसीय जिला स्तरीय कल्चरल फेस्ट 2024 की शुरुआत हुई। उत्सव के पहले दिन जिला झज्जर के सभी पांच खंडों के प्रथम द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने भाग लिया । कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने किया। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डीईओ राजेश कुमार ने की ।
इस मौके पर डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने स्कूली विद्यार्थियों के बीच अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में कहा कि हार जीत कोई मायने नहीं रखती जब आप ऐसे मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते है । उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रतियोगिता का आनंद लेना चाहिए तथा ऐसे कार्यक्रम हमारी लोक कला को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में कला मौजूद है, हमारा कार्य माता-पिता, अध्यापक के रूप में उस कला को पहचान कर मंच पर लाने का है ।
इस बीच डीईओ राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि सहित खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड संसाधन संयोजकों, प्राचार्यों, अध्यापक और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के विभाग द्वारा बहुत से कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिसमें सांस्कृतिक महोत्सव बहुत महत्वपूर्ण हैं।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम का पहला दिन विभाग द्वारा निर्धारित 9 से 12 कक्षा वर्ग का रहा । संबंधित वर्ग में खंड के विजेता प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं – फॉक ग्रुप डांस , फॉक सोलो डांस , रागिणी व स्किट में भाग ले कर निर्णायक मंडल के समक्ष अपनी कला की बेहतरीन प्रस्तुति दी ।
कार्यक्रम में मंच संचालन संजय शर्मा,कृष्ण वशिष्ठ, डॉ महाबीर और मास्टर महेंद्र ने किया जबकि निर्णायक मंडल डॉ तमसा, डॉ अनुपमा, डॉ शिखा, मनीष, महादेव और रचना डबास ने निष्ठापूर्वक अपनी भूमिका का निर्वहन किया।
इस अवसर पर जिला संयोजक डॉ सुदर्शन पुनिया, विक्रम सिंह ,सभी खंड शिक्षा अधिकारी, खंड संसाधन संयोजक, रविन्द्र कौशिक, डॉ राजेन्द्र, जोगेंद्र धनखड़, जोगिन्द्र सिंह, भूप सिंह, डॉ कृष्णा सांगवान, संगीता वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
—————–
*माता भीमेश्वरी देवी दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं को नहीं होगी कोई असुविधा : एसडीएम*
*-एसडीएम रविंद्र मलिक ने बेरी में अश्विन माह में लगने वाले माता भीमेश्वरी देवी मेला को लेकर मिनी सचिवालय में ली अधिकारियों की बैठक*
– *आगामी 3 अक्टूबर से होंगे नवरात्र शुरू, 9 से 11 अक्टूबर तक लगेगा मुख्य मेला*
बेरी( झज्जर),24 सितंबर। धर्म नगरी बेरी के मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में अश्विन नवरात्र मेला को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी आरंभ हो चुकी है। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में नवरात्र मेला के दौरान बेरी में उमडऩे वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किये जाएंगे,जिसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी अभी से तैयारी में जुट जाएं।
एसडीएम रविंद्र मलिक ने यह निर्देश मंगलवार को मिनी सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में अश्विन नवरात्र मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि देवी मेला के दौरान दूर दराज से आने वाले दर्शनार्थियों को निर्बाध रूप से माता के दर्शन हो सके,इसके लिए आवश्यक प्रबंध करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसडीएम ने बैठक में कहा कि इस बार 03 अक्टूबर से नवरात्र प्रारंभ होंगे तथा 09 अक्टूबर से 11 अक्टूबर को मुख्य मेला होने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु मेले में उमड़ने का अनुमान है।
एसडीएम ने मेला परिसर में रिकवरी वैन, हेल्थ सेंटर, फायर ब्रिगेड, वाटर टैंकर, स्वच्छता, रेडक्रॉस वालंटियर, चढ़ावे व पार्किंग को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेला परिसर में जरूरत अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए, साथ ही नपा अधिकारियों को मंदिर के साथ लगते तालाब की साफ सफाई कराने और मेला परिसर को साफ सुथरा बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले में सुरक्षा इंतजामों, पार्किंग व यातायात व्यवस्था को सुचारू ढंग से बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरा के जरिए भी मेला परिसर की निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में यह अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर तहसीलदार जगदीश बिश्नोई,बीडीपीओ राजाराम, नगरपालिका सचिव ललित गोयल,नायब तहसीलदार ऋतु रानी, एसएमओ बेरी डॉ सुभाष चंद्र, वेटरनरी सर्जन डॉ प्रवीण कादयान, देवी मंदिर से पंडित कुलदीप वशिष्ठ,एसडीओ लोकनिर्माण विभाग अजय हुड्डा,एआईपीआरओ बेरी डॉ अश्विनी शर्मा, रेड क्रॉस सोसायटी से सुषमा रानी, सचिव मार्किट कमेटी संजय फोगाट,बिजली निगम के एसडीओ सुनील कुमार,नपा जेई रोहित लोहचब,जेई पीडब्लूडी सुरेश वर्मा, बीएओ डॉ अशोक रोहिल्ला सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
——————-
*जनरल ऑब्जर्वरों की मौजूदगी में ईवीएम का दूसरा रेंडमाइजेशन संपन्न*
*राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी हुए रेंडमाइजेशन में शामिल*
*विधानसभा के बाद बूथ स्तर पर हुआ ईवीएम अलॉटमेंट*
झज्जर, 24 सितंबर। विधानसभा चुनाव को लेकर दूसरे चरण के रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया सामान्य पर्यवेक्षक मुक्तानंद अग्रवाल (आईएएस) व दीपक रंजन दास (आईएएस) व जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुई। जिले की चारों विधानसभा बहादुरगढ़, झज्जर, बेरी व बादली विधानसभा क्षेत्रों के लिए दूसरी रेंडमाइजेशन के बाद ईवीएम अलॉटमेंट कर दी गई। रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर ईवीएम व वीवीपैट के दूसरे चरण के रेंडमाइजेशन लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई। जिले की चारों विधानसभा के अनुसार अलग-अलग रेंडमाइजेशन किया गया। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर ईवीएम मैनेजमेंट सिस्टम के जरिये ईवीएम का रेंडमाइजेशन संपन्न हुआ। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को रेंडमाइजेशन की एक-एक प्रति भी दी गई है। जनरल ऑब्जर्वर मुक्तानंद अग्रवाल ने विस्तार से रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को समझाया। उन्होंने कहा कि यह पूरी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाता है जिसमें सॉफ्टवेयर यादृच्छिक तरीके से ईवीएम अलॉटमेंट करता है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की संतुष्टि के बाद दूसरे व अंतिम चरण के रैंडमाइजेशन को पूरा करते हुए डाटा लॉक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम रेंडमाइजेशन के बाद सेंट्रल ईवीएम वेयर हाउस से आवंटित ईवीएम स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं व अब दूसरी रेंडमाइजेशन के बाद उन्हें विधानसभा अनुसार वर्गीकृत किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगी। डीसी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव तैयारी के विभिन्न स्तरों पर पात्र राजनीतिक पार्टियों को शामिल किया गया है ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। इस अवसर पर एडीसी सोलनी शर्मा, एसडीएम एवं आरओ बादली सतीश यादव, एसडीएम एवं आरओ झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम एवं आरओ बहादुरगढ़ परमजीत सिंह, एसडीएम एवं आरओ बेरी रविंद्र मलिक, डीआईओ अमित बंसल, इलेक्शन नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार के अलावा राजनीतिक दलों की प्रतिनिधि मौजूद रहे।
——————–
*मतदाता जागरूकता के लिए इलेक्शन क्विज की तारीख बढ़ी, 27 सितंबर तक लें हिस्सा*
*चुनाव क्विज में युवाओं का रुझान, ज्ञान बढ़ाने और मतदान के प्रति जागरूकता का अभियान*
*इलेक्शन क्विज में पाएं प्रशस्ति पत्र और बढ़ाएं चुनाव ज्ञान*
झज्जर, 24 सितंबर।
स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी एवं एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि मतदाता जागरूकता हेतु जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए चुनाव को लेकर जिला वासियों के रुझान देखते हुए क्विज में शामिल होने की तारीख को आगे बढ़ा दिया है। अब 27 सितंबर तक क्विज में हिस्सा लिया जा सकता है।
एडीसी ने बताया कि ऑनलाइन इलेक्शन क्विज में युवाओं के अलावा अन्य वर्ग के लोग भी उत्साह के साथ भागीदारी करते हुए व चुनाव से जुड़े रोचक प्रश्नों का जवाब देते हुए चुनाव के संबंधित अपनी जानकारी का परिचय दे रहे हैं। क्विज का उद्देश्य जिले के नागरिकों को चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि कि क्विज में चुनाव से संबंधित कई रोचक प्रश्न शामिल किए गए हैं, जो न केवल लोगों की जानकारी बढ़ाने में सहायक होंगे बल्कि उन्हें मतदान के महत्व को समझने में भी मदद करेंगे। युवाओं में क्विज को लेकर सबसे ज्यादा रुझान देखने को मिल रहा है। क्विज में भाग लेने के लिए जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट https://jhajjar.nic.in/ के अलावा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के फेसबुक और ट्विटर पेजों पर भी लिंक उपलब्ध कराया गया है।
प्रतिभागियों को मिलेगा प्रशस्ति पत्र
क्विज में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें मतदाता जागरूकता से जुड़े स्वीप अभियान में भाग लेने का प्रमाण पत्र मिलेगा। इसके अलावा शत प्रतिशत भागीदारी करने वाले शिक्षण संस्थानों को भी सम्मानित किया जाएगा।
यहां से प्राप्त करें लिंक
https://docs.google.com/forms/d/e/vFAIpQLSd|qGCvtfmROP®PUgKyrj®_vHbZDbVsLvvRSaflvanYHWhvQw/viewform इस लिंक पर क्लिक करके ऑनलाइन क्विज में हिस्सा ले सकते हैं। यह लिंक जिला प्रशासन की वेबसाइट, डीआईपीआरओ के फेसबुक व ट्विटर पेज पर भी क्विज का लिंक व क्यूआर कोड उपलब्ध है।
———-