*डीसी ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा*
झज्जर, 1 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने शनिवार को राजकीय नेहरू पीजी कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान 4 जून को होने वाली मतगणना के लिए तैयारियों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश जारी किए। डीसी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद झज्जर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम मशीनें नेहरू कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखी गई हैं। स्ट्रांग में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं व 8-8 घंटे की ड्यूटी पर 24 घंटे ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात हैं। उन्होंने बताया कि यह सारा परिसर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की नजर में है। यहां बने कंट्रोल रूम में लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर हर गतिविधि दिखाई देती है। राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि भी सीसीटीवी को स्क्रीन पर देख सकते हैं इसकी सुविधा की गई है। डीसी ने निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम के रजिस्टर को भी चेक किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद रखा जाए।