*डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर ने वीसी के जरिये की जिले में मतगणना प्रबंधों की समीक्षा*
*जिले में सुचारू मतगणना के लिए सभी तैयारियां संपन्नः जिला निर्वाचन अधिकारी*

झज्जर, 1 जून लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

भारत निर्वाचन आयोग के उप चुनाव आयुक्त हिरदेश कुमार ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में मतगणना तैयारियों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने मतगणना प्रबंधों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस दौरान उप चुनाव आयुक्त ने जिला प्रशासन को सफलतापूर्वक निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न करवाने के लिए बधाई दी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि जिले में मतगणना को लेकर तमाम तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। सभी एआरओ अपने विधानसभा के अनुसार मतगणना का कार्य करवाएंगे। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार अलग-अलग मतगणना कक्ष स्थापित किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि मतगणना के समय कागजी कार्यवाही को ध्यानपूर्वक करें। मतगणना के दौरान राजनीतिक पार्टियों के एजेंट एवं प्रत्याशियों के लिए सुविधा सुनिश्चित की जाए। डीसी ने मतगणना केंद्र पर अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा जिससे मतगणना का कार्य बिना देरी के सुगमता के साथ पूर्ण हो। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि कर्मचारियों को मतगणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मतगणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य के लिए नियुक्त कर्मचारियों को ईवीएम व वीवीपैट की मतगणना संबंधित सभी निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रथम रेंडमाइजेशन व रिहर्सल भी करवाई जा चुकी है। रविवार को ऑब्जर्वर की मौजूदगी में दूसरी रेंडमाइजेशन संपन्न होगी। डीसी ने बताया कि इसके अतिरिक्त मीडिया कर्मियों की सुविधा के दृष्टिगत कॉलेज के स्टाफ रूम में मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग सहित अन्य पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना के दिन मतगणना केंद्र पर थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। वीसी के दौरान एडीसी सोलनी शर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शीतल, एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम बादली सतीश कुमार, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह चहल, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, उपतहसीलदार (इलेक्शन) सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।