डीसी ने किया अभियान प्रोजेक्ट ग्रीन पेपर का शुभारंभ
झज्जर, 20 जुलाई।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण झज्जर, जिला जेल व मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के साझा अभियान के तहत प्रोजेक्ट ग्रीन पेपर का शुभारंभ दुलीना जेल परिसर में डीसी श्याम लाल पूनिया ने किया। गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत जे.के. लक्ष्मी सीमेंट झज्जर यूनिट के सौजन्य से प्रैसिंग मशीन व ग्राईंडिंग मशीन जिला जेल को उपलब्ध करवाई गई। प्रोजेक्ट का उद्देश्य सरकारी विभागों द्वारा जनित बेकार कागजों को रिसाइकिल करके दोबारा उपयोग में लाना व बंदियों को कागज बनाना, सिखाना व जेल में फाईल बनाने की प्रक्रिया को इससे जोडऩा हैं। डीसी श्याम लाल पूनिया ने कहा कि यह प्रोजेक्ट बेकार पेपर को उपयोग में लाने व पर्यावरण को बेहतर बनाने में उपयोगी सिद्ध होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अंकिता शर्मा ने बताया कि प्रोजेक्ट के अंतर्गत जेल में बंदियों को प्रशिक्षण देने के लिए वैश्य बीएड कालेज की छात्राओं का चयन कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. आशा शर्मा द्वारा किया गया है। इसके अतिरिक्त विभागों द्वारा वैस्ट पेपर एकत्रित करने के लिए पेपर बिन भी वैश्य कालेज द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान डीसी श्याम लाल पूनिया ने सर्वश्रेष्ठ पेपर बिल बनाने पर कोमल, चेतना, गरिमा जो कि वैश्य बीएड कालेज की छात्रा है को सम्मानित किया व जेके लक्ष्मी सीमेंट झज्जर यूनिट को प्रोजेक्ट में उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर सीटीएम रेणुका नांदल, सीएमजीजीए सुप्रिया सिन्हा, जेल अधीक्षक सुरेंद्र दलाल, उप-अधीक्षक अमित शर्मा व जंगशेर सिंह मौजूद रहे।
——————-