*पोलिंग पार्टियों से मिलने रात में बूथों पर पहुंचे डीसी*
*गांव सिलानी में एक बूथ पर मतदान कर्मियों के साथ किया भोजन*
*डीसीपी डॉ अर्पित जैन ने भी साथ में किया बूथों का निरीक्षण*
*पोलिंग पार्टियों का निरीक्षण करते हुए निर्वाचन आयोग के नियमों की पालना के दिए निर्देश*
*झज्जर, 24 मई।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने शनिवार 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत शुक्रवार रात डीसीपी डॉ अर्पित जैन के साथ जिला के ग्राम पंचायत सिलानी केसो व जालिम,गांव गुढा, दुजाना व छारा गांवों में स्थापित एक दर्जन से ज्यादा मतदान केंद्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डीसी ने न केवल पोलिंग पार्टियों का हौंसला अफ़जाई की,साथ ही उनके साथ रात्रि भोजन भी किया।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने गांवों के मौजिज लोगों से बातचीत करते हुए शांतिपूर्ण मतदान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और शांति पूर्ण मतदान में आमजन का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने सर्वप्रथम बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव सिलानी केसों और सिलानी जालिम में बने बूथ संख्या 23 से लेकर 28 में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथों पर पोलिंग पार्टियों से बूथ तैयार करने संबंधी नियमों की कढ़ाई से पालन करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
डीसी ने बूथों पर गर्मी के चलते पर्याप्त टेंट और पानी के कैम्पर और मटके की अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर लगने वाली लाइनिंग में वोटर को किसी प्रकार की असुविधा ना होने पाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि बूथ पर सभी प्रकार की आवश्यक सुविधाएं होनी चाहिए। इसके अलावा दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के लिए रैंप सुविधा, महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पेयजल, टेबल व कुर्सियां आदि का जायजा लिया। वहीं डीसीपी डॉ अर्पित जैन ने सभी बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पार्टियों की जांच की।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर भीड़भाड़ ना होने पाए, ऐसे में पुलिस कर्मी लाईन लगवाकर शांतिपूर्ण मतदान करवाना सुनिश्चित करें।
मतदाता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए ।
उन्होंने ग्रामीणो से बिना भय और बिना प्रलोभन के निर्भय होकर मतदान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी चुनाव करवाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों को समय सीमा का ध्यान रखते हुए चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराना नैतिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर डीआईपीआरओ कुलदीप सिंह बांगड़ सहित अन्य अधिकारी साथ रहे।
गांव सिलानी में शुक्रवार की देर सायं मतदान केंद्रों का जायजा लेते जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह। साथ में हैं डीसीपी डॉ अर्पित जैन।
गांव गुढा में स्थापित पोलिंग बूथ का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते जिला निर्वाचन अधिकारी।
– गांव सिलानी स्थित सरकारी स्कूल में बने बूथ पर पोलिंग पार्टियों के साथ भोजन करते जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह।
——————–