: झज्जर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की तैयारी पूर्ण

  • पर्यवेक्षक के साथ डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने किया राजकीय कालेज का दौरा

-मतगणना पर्यवेक्षकों ने मतगणना केन्द्रों में बारीकी से लिया सभी व्यवस्थाओं का जायजा
-आठ अक्टूबर मंगलवार को प्रात: 08 बजे से राजकीय पीजी नेहरू कालेज में आरंभ होगी मतगणना प्रक्रिया
-मतगणना कार्य को निष्पक्ष,पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं कर्मचारी : जिला निर्वाचन अधिकारी

झज्जर, 07 अक्टूबर। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
जिला झज्जर के चार विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना को लेकर सोमवार को मतगणना के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक मुक्तानंद अग्रवाल (आईएएस) व अबनिकांता पटनायक(आईएएस), नारायण चंद्र विश्वास (आईएएस) , एजे दिसाई(आईएएस) और डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने राजकीय पीजी नेहरू कालेज का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कॉलेज में विधानसभा क्षेत्र अनुसार बनाए गए मतगणना केन्द्रों में बारीकी से सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए। इस बीच कालेज के सभागार में मतगणना कर्मियों की रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने मतगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही मतगणना को लेकर दूसरा रैंडमाइजेशन भी किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि मतगणना के लिए लगाई गई टेबलों पर ड्यूटी पर कार्यरत सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के दिशा निर्देशानुसार जिला में मंगलवार आठ अक्टूबर को होने वाली विधानसभा आम चुनाव की मतगणना के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। झज्जर जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों बादली,बेरी,बहादुरगढ और झज्जर की मतगणना के लिए मतगणना टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों को मतगणना प्रशिक्षण दिया गया है। मतगणना टीम में मतगणना सुपरवाईजर, माइक्रो आब्जर्वर व मतगणना सहायक शामिल हैं।

*अधिकृत मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए मीडिया सेंटर स्थापित : जिला निर्वाचन अधिकारी*

-मीडिया कर्मी प्राधिकार पत्र के आधार पर ही मतगणना केंद्र में कर सकेंगे प्रवेश
झज्जर, 07 अक्टूबर।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव के लिए झज्जर जिला के चार विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रक्रिया 08 अक्टूबर को सुबह 08 बजे से राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज झज्जर में शुरू होगी। उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र में आयोग द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाकर ही प्रवेश किया जा सकेगा। इसके अलावा मीडिया कर्मियों के लिए नेहरू कालेज के सामने स्थित केंद्रीय विद्यालय परिसर में अलग से पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

शांतिपूर्ण मतगणना के दृष्टिगत नेहरू कॉलेज के आसपास धारा 163 लागू*

झज्जर,07 अक्टूबर

जिलाधीश कैप्टन शक्ति सिंह ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए राजकीय पीजी नेहरू कालेज में बनाए गए मतगणना केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश में विधानसभा चुनाव के मतों की गणना के लिए राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज परिसर में झज्जर, बेरी, बहादुरगढ और बादली विधानसभा के अनुसार अलग-अलग स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। आठ अक्टूबर को मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से धारा 163 की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई असामाजिक तत्व मतगणना केंद्र के आसपास दिखाई न दे। जिलाधीश की ओर से जारी आदेशानुसार पांच या पांच से अधिक लोगों के स्ट्रांग रूम के 200 मीटर के दायरे में एकत्रित होने पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की असामाजिक या गैरकानूनी गतिविधि करने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। चुनाव ड्यूटी में कार्यरत कर्मचारियों पर ये नियम लागू नहीं होंगे। मतगणना के परिणाम घोषित होने तक राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज और लघु सचिवालय झज्जर की 200 मीटर की परिधि में व्यक्तियों के घातक हथियार,फायर आर्म, गंडासा, किरपाण, चाकू, कुल्हाड़ी, जेली, लाठी आदि लेकर चलने पर पाबंदी लगाई गई है। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
*डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर ने वीसी के जरिये की जिले में मतगणना प्रबंधों की समीक्षा*

*जिले में सुचारू मतगणना के लिए सभी तैयारियां संपन्न: जिला निर्वाचन अधिकारी*

-झज्जर स्थित राजकीय नेहरू पीजी कालेज में आज होगी चारों विधानसभाओं की मतगणना

झज्जर,07 अक्टूबर। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
भारत निर्वाचन आयोग के उप चुनाव आयुक्त ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में मतगणना तैयारियों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने मतगणना प्रबंधों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस दौरान उप चुनाव आयुक्त ने जिला प्रशासन को सफलतापूर्वक निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न करवाने के लिए बधाई दी। वीसी के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल भी ऑनलाइन मोड में मौजूद रहे व मतगणना के संदर्भ में दिशा-निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि जिले में मतगणना को लेकर चुनाव आयोग के नियमानुसार तमाम तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष स्थापित किए गए हैं। ऑनलाइन मीटिंग के दौरान मतगणना के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक मुक्तानंद अग्रवाल (आईएएस) व अबनिकांता पटनायक(आईएएस), नारायण चंद्र विश्वास (आईएएस) , एजे दिसाई (आईएएस) भी मौजूद रहे। इसके अलावा एडीसी सलोनी शर्मा, प्रवेश कादयान सहित अन्य अधिकारी वीसी के दौरान उपस्थित रहे।

*फोटो कैप्शन- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये मतगणना प्रबंधों के बारे में डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर के समक्ष जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी।*