जो सरकार बहन-बेटियों की इज्जत नहीं कर सकती उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है- श्वेता हुड्डा

• बीजेपी सरकार युवाओं को बेरोजगार बना रही, बच्चों से शिक्षा के साधन छीन रही – श्वेता हुड्डा
• शिक्षा महंगी कर हरियाणा के युवाओं को अच्छी शिक्षा से वंचित करना इस सरकार की चाल – श्वेता हुड्डा

झज्जर, 18 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा की धर्मपत्नी श्रीमती श्वेता हुड्डा ने आज झज्जर में आयोजित कई चुनावी कार्यक्रमों में शिरकत की। जगह-जगह गांव में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बिठला गांव में श्वेता हुड्डा को लड्डुओं से तौला गया। इस दौरान भुरावास, ढाणी में लोगों को संबोधित करते हुए श्वेता हुड्डा ने कहा कि महंगाई का बुरा हाल है। महिलाओं के लिए घर संभालना तक मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि 25 मई को जागरूक मतदाता के रूप में अपना ऐसा प्रतिनिधि चुनें जो जनता के बीच रहें, जो विकास के काम करें और जो देश-प्रदेश को आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर उनके साथ विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि पूरे हरियाणा में बदलाव की हवा चल रही है और जन-जन की जुबान पर एक ही नारा है कि बीजेपी जा रही है, कांग्रेस सरकार आ रही है।

श्वेता हुड्डा ने कहा जो सरकार बहन-बेटियों की इज्जत नहीं कर सकती उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की बात करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। हर बार पेपर लीक और भर्ती कैंसल हो रही है। 30 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं लेकिन किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस सरकार ने हरियाणा के युवाओं के साथ सबसे भद्दा मजाक ये किया है कि हरियाणा की नौकरियों में गैर-हरियाणवियों को वरीयता दे रही है। पहले हरियाणा के बच्चों को नौकरियों में अहमियत देने के प्रावधान थे। लेकिन ये सरकार हरियाणावासियों के बच्चों को बेरोजगार बना रही है, उनसे शिक्षा के साधन छीने जा रहे हैं। हजारों स्कूल बंद कर दिये, सरकारी कॉलेज, आईटीआई, आईआईटी, मेडिकल शिक्षा महंगी कर दी ताकि हमारा युवा अच्छी शिक्षा हासिल न कर पाये। हरियाणा का युवा देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी झेल रहे हैं। जो सरकार हमारे नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हरियाणावासियों ने जनविरोधी बीजेपी सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है और 25 मई को मतदान के दिन का बेसब्री से इंतजार कर रही है। श्रीमती हुड्डा ने एक बार फिर सभी से दीपेन्द्र हुड्डा को अपना साथ, समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील की।