मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया जैसी जल जनित बीमारियों के प्रति आमजन को रहना होगा जागरूक : डीसी
– डीसी श्याम लाल पूनिया ने कहा – बुखार, सिर दर्द, जोड़ों में दर्द आदि लक्षण दिखने पर करें चिकित्सक से परामर्श
झज्जर, 08 जुलाई।
डीसी श्याम लाल पूनिया ने कहा कि आमजन को कोरोना महामारी के साथ-साथ मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक रहने की जरूरत है। इसके लिए लोगों को सरकार व प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी हिदायतों की पालना करनी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन लोगों के स्वास्थ्य को लेकर बेहद चिंतित है। ऐसे में सरकार द्वारा लोगों को डेंगू व मलेरिया की रोकथाम संबंधी जागरूक करने के लिए अथक प्रयास किए जा रहे है।
डीसी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को डेंगू व चिकनगुनिया फैलाने वाले एडीज मच्छर के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ-साथ आमजन को यह भी जानकारी दी जा रही है कि यह मच्छर साफ पानी में पनपता है और केवल दिन के समय काटता है। आमजन को पानी से भरे हुए बर्तन व छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन लगाकर बंद रखना चाहिए। एक जगह पर पानी को इक_ा न होने दें तथा घरों के आसपास गंदगी न फैलने दें। मच्छर ठहरे हुए पानी में अंडे देते है, जिससे मलेरिया व डेंगू की बीमारी फैलने वाले मच्छरों की बढ़ोतरी तेजी से होती है। अकस्मात तेज बुखार होना, अचानक तेज सिर दर्द होना, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना, आंखों के पीछे दर्द होना आदि ऐसे लक्षण दिखते ही प्राथमिकता तौर पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करवाएं।
सिविल सर्जन डॉ संजय दहिया ने कहा कि आमजन रात के समय पूरी बाजू के कपड़े पहने, मच्छर दानी का प्रयोग करें, सप्ताह में एक दिन सूखा दिवस (ड्राई डे) मनाए, सप्ताह में एक दिन कूलरों, टंकियों, हौदियों, पशु-पक्षियों के बर्तनों को धोकर व सुखाकर कर दोबारा पानी भरे, ताकि लार्वा न पनप सके। उन्होंने कहा कि डेंगू व मलेरिया की रोकथाम को लेकर सभी सीएचसी व पीएचसी पर विभिन्न माध्यमों से आमजन को जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fifteen + five =