बीते छह माह के दौरान अवैध हथियारों के साथ 102 आरोपी काबू, आरोपियों से 88 अवैध हथियार सहित 107 कारतूस बरामद

– सट्टा खाई वाली के मामले में 45 आरोपी काबू, आरोपी से 238350 रूपये बरामद

झज्जर :05 जुलाई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से झज्जर पुलिस द्वारा अवैध असलाह रखने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त झज्जर श्री बी सतीश बालन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा पिछले 06 माह के दौरान जिला के अलग-अलग स्थानों पर शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 84 मामले दर्ज करके 102 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार करके बड़ी कामयाबी हासिल की गई। पुलिस आयुक्त के कुशल नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत अवैध हथियार रखने वालों तथा नाजायज हथियार खरीदने / बेचने के अवैध धंधे व आपराधिक गतिविधियों में लिप्त दोषियों के खिलाफ कारवाई करने के लिए जिला के सभी थाना प्रबन्धकों, चौकी प्रभारियों, एंटी नारकोटिक सेल, अपराध जांच शाखा झज्जर व स्पेशल स्टाफ झज्जर के प्रभारियों को विशेष रूप से कड़े दिशा निर्देश किए गए थे। दिए गए दिशा निर्देशों की पालना करते हुए झज्जर पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा चिन्हित संदिग्ध व सार्वजनिक स्थानो पर लगातार निगरानी रखते हुए औचक कार्यवाही भी अमल में लाई गई। विभिन्न टीमों द्वारा अलग अलग स्थानों पर असामाजिक, शरारती तत्वों तथा संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखते हुए चैकिंग की गई। पीसीआर, राइडर्स की तैनाती तथा चिन्हित स्थानों पर विशेष नाकाबंदी करके कड़ी नजर रखी गई। इस अभियान के तहत 01 जनवरी 2024 से 30 जून 2024 तक जिला के अलग-अलग स्थानों पर तैनात पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा अवैध हथियार 83 देशी पिस्टल, तीन गन, दो रिवाल्वर, 107 जिंदा कारतूस व एक मैगजीन के साथ 102 आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की गई। अवैध असलाह के साथ पिछले छह माह के दौरान शस्त्र अधिनियम के तहत 84 मुकदमे दर्ज करके 102 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वही सट्टा खाई वाली के मामले में पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा जुआ अधिनियम के तहत 25 आपराधिक मामले दर्ज करके 45 आरोपियों को काबू किया गया। जिनसे 238350 रूपये की बरामदगी हुई।