*आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व नीतियों से जागरूक कर रही भजन पार्टियां*
*- वर्तमान प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग चला रहा है विशेष प्रचार अभियान*
*- विभागीय भजन मंडली व सूचीबद्ध पार्टी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों को कवर करते हुए आमजन को कर रही जागरूक*
*झज्जर, 03 जुलाई। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

हरियाणा सरकार के सफलतम साढ़े चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा महानिदेशक मंदीप बराड़ के निर्देशानुसार विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। महीने भर चलने वाला यह अभियान सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में व डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन व जिला प्रशासन के सहयोग से चलाया जा रहा है। इस विशेष प्रचार अभियान के दौरान झज्जर जिला के गांवों और शहरों के वार्डों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भजन पार्टी द्वारा बुधवार को अशोक एंड पार्टी द्वारा लडरावन व खैरपुर, सलीम एंड पार्टी गांव डीघल व बेरी के वार्ड संख्या तीन में,अमन एंड पार्टी द्वारा गांव दिमाना व बरहाना, रामवीर भजन पार्टी द्वारा गांव मारौत व तामसपूरा और ब्रह्म प्रकाश के नेतृत्व में भजन पार्टी कलाकारों ने गांव बाबेपुर और गिरधरपुर में आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व नीतियों बारे जागरूक किया गया। हरियाणवी लोक शैली में ग्रामीणों को सरकार की उपलब्धियों से भी अवगत कराया गया।
दूसरी ओर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कुलदीप सिंह बांगड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाभर में विशेष प्रचार अभियान में विभागीय नियमित व सूचीबद्ध भजन पार्टी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पहुंच रही हैं। भजन पार्टियां अपनी गीत व संगीतमयी मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की योजनाएं, नीतियों और उपलब्धियों के बारे में आमजन को जागरूक करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष प्रचार अभियान को उद्देश्य आमजन को सरकार की विकासात्मक नीतियों, योजनाओं, उपलब्धियों के साथ-साथ लोकप्रिय योजनाओं बारे लोक गायन शैली के माध्यम से जागरूक करना है। प्रचार अभियान के लिए प्रचार टीम की ड्यूटी लगाई गई है जो जिले के समूचे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व योजनाओं के बारे में प्रचार कर रही हैं।
*विशेष प्रचार अभियान से सरकार की नीतियों से रूबरू होंगे नागरिक*
डीआईपीआरओ कुलदीप सिंह बांगड़ ने बताया कि सरकारी योजनाओं के बारे में आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार अभियान की काफी महत्वपूर्ण भूमिका है। विशेष प्रचार अभियान करने वाले विभागीय व सूचीबद्ध कलाकार ने सरकारी योजनाओं व नीतियों के बारे में संगीतमय प्रस्तुतियां तैयार की हैं जिनका जागरूकता के दृष्टिकोण से जनमानस पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अंत्योदय की भावना के साथ अनेक योजनाएं शुरू की हैं जो समाज के सबसे निचले वर्ग के उत्थान को सुनिश्चित करती हैं। ऐसी योजनाओं के बारे में जरूरतमंद नागरिकों को जागरूक करने का कार्य इस विशेष प्रचार अभियान के दौरान किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भजन पार्टी द्वारा गुरुवार को गांव गांव छोछी, लकडिय़ा,बरानी, आज़ाद नगर, तुम्बाहेड़ी, जैतपुर, निमाणा, कुकडोला, बालौर, सिद्धिपुर,एमपी माजरा और बाढ़सा गांवों में आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व नीतियों बारे जागरूक किया जाएगा।

: *डीसी ने समाधान शिविर में सुनी समस्याएं, प्रॉपर्टी आईडी व हाउस टैक्स की शिकायतों का किया मौके पर निदान*
*- सभी विभाग त्वरित भेजे एक्शन टेकन रिपोर्ट: डीसी*
*झज्जर, 3 जुलाई।* जिला उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने बुधवार को समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों पर सुनवाई की। इस दौरान डीसीपी लोगेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शिविर में मौजूदरहे। शिविर में 80 शिकायतें दर्ज हुई जिनके समाधान को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिन समस्याओं का मौके पर ही समाधान संभव था उनका शिविर के दौरान ही त्वरित व प्रभावी समाधान करते हुए नागरिकों को राहत दी गई। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के पास हर रोज काफी संख्या में शिकायतें लेकर नागरिक आ रहे हैं जिनकी शिकायतों का समाधान तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ शिकायतों का समाधान तो मौके पर ही कर दिया जाता है। जबकि कुछ शिकायतें जो निर्माण करवाने या नीतिगत मामलों से जुड़ी हैं उसका समाधान नियमानुसार किया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाधान शिविर की शिकायतों को लेकर बेहद गंभीर है व नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। हर रोज समाधान प्रकोष्ठ के पोर्टल पर अपलोड की जाती है। बुधवार को समाधान शिविर की समाप्ति पर डीसी ने शिविर में मौजूद सभी अधिकारियों को शिकायतों पर एक्शन लेते हुए एक्शन टेकन रिपोर्ट जल्द से जल्द डीसी कार्यालय में सब्मिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान सुनिश्चित करें। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को उनकी समस्याओं के निदान के लिए एक सिंगल प्लेटफार्म उपलब्ध कराकर उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किए जाए ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण करें। नागरिकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और उनको एक समस्या के लिए अधिकारियों के पास बार-बार न आना पड़े।

मौके पर समाधान से चेहरे खिले झज्जर निवासी परवीन कुमार ने बताया कि उसकी प्रॉपर्टी आईडी को लेकर समस्या था जिसके लेकर कई दिनों से नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। बुधवार को समाधान शिविर में उपायुक्त द्वारा मामले में सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को उसके तुरंत समाधान के निर्देश दिए। शिविर में ही मौजूद नगर परिषद अधिकारियों द्वारा उनकी प्रॉपर्टी आईडी की समस्या का समाधान कर दिया गया। वहीं, झज्जर निवासी प्रिया अपने डेवलपमेंट चार्ज की समस्या को लेकर समाधान शिविर में पहुंची। उपायुक्त ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित विभाग द्वारा उनकी समस्या का समाधान करवाया गया। प्रिया ने बताया कि उसके डेवलपमेंट चार्ज भरने के बावजूद ऑनलाइन शो कर रहा था। समस्या का समाधान होने पर वह बेहद खुशहै।

*मातृशक्ति उद्यमिता योजना के तहत महिलाओं को मिलेगा 3 लाख तक का लोन*
*- टेलरिंग, ब्यूटी पार्लर, बिस्कुट व पापड़ फैक्ट्री, मिट्टी के बर्तन आदि उद्यम के लिए दिया जाएगा लोन*
*झज्जर, 3 जुलाई।* डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि महिलाओं के जीवन को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाते हुए उनके जीवन में सशक्तिकरण के द्वार खोलने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा मातृशक्ति उद्यमिता योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत महिलाओं को 3 लाख रुपये तक का ऋण दिये जाने का प्रावधान है।
डीसी ने बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाने की यह योजना महिला विकास निगम के माध्यम से चलाई जा रही है। इस योजना के तहत 2024-25 वर्ष के लिए जिला झज्जर में लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाली व हरियाणा की स्थायी निवासी महिला इस योजना का लाभ ले सकती है। उन्होंने बताया कि आवेदक को पूर्व किसी बैंक द्वारा ऋण डिफाल्टर नहीं होना चाहिए। इस योजना के तहत निगम के माध्यम से तीन वर्षों तक सात प्रतिशत ब्याज अनुदान राशि हरियाणा सरकार द्वारा दी जाएगी। हरियाणा महिला विकास निगम की योजना के तहत डेयरी व उद्योग विभाग की गतिविधियां शामिल हैं जिन पर ऋण लिया जा सकता है। इसके अलावा ऑटो रिक्शा, छोटा समान ढोने वाले वाहन, थ्री व्हीलर, ई-रिक्शा, टैक्सी, सामाजिक व व्यक्तिगत सेवा गतिविधियां जैसे सैलून, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, बुटिक, फोटो स्टेट की दुकान, पापड़ बनाना, हलवाई की दुकान फास्ट फूड स्टॉल, आइसक्रीम बनाने की यूनिट, बिल्कुल बनाना, टिफिन सर्विस, मिट्टी के बर्तन आदि बनाने का कार्य शुरू किया जा सकता है। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हरियाणा विकास निगम के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। डीसी ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस प्रकार की योजनाओं का लाभ लेते हुए महिलाओं को जीवन में सशक्त बनना चाहिए। महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

*बी.एड और एम.एड की परीक्षाओं को लेकर जिलाधीश ने जारी किए धारा-144 के आदेश*
*-17 जुलाई तक आयोजित होगी परीक्षाएं*
*-परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद*
*झज्जर, 3 जुलाई।* महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक की बी.एड और एम.एड की परीक्षाओं को शांतिपूर्ण व नकल रहित आयोजित करवाने के लिए जिलाधीश कैप्टन शक्ति सिंह ने जिले में अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किये हैं। आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में धारा 144 के तहत पाबंदियां रहेंगी।
जिलाधीश कैप्टन शक्ति सिंह द्वारा जारी किए आदेशों में कहा गया है कि 17 जुलाई तक परीक्षाएं आयोजित होंगी। परीक्षाओं को निर्बाध व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अपराध प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत यह आदेश जारी किए गए हैं, जिसके तहत झज्जर जिला की सीमा में आने वाले सभी परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में 5 या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्रित होने पर पाबंदी रहेगी। इस परिधि में अग्नि शस्त्र, तलवार, गंडासा, लाठी, बरछा, कुल्हाड़ी, जेली, चाकू व अन्य हथियार लेकर कोई भी व्यक्ति नहीं चल सकेगा। आदेशों में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की सीमा में आने वाली फोटो स्टेट की दुकान परीक्षाओं के समय बंद रहेगी। आदेशों में कहा गया है कि यह आदेश परीक्षार्थियों ड्यूटी देने वाले स्टाफ व पुलिस कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जो भी जारी किए गए आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*ग्रामीणों की समस्या सुनने काहड़ी गांव पहुंचे डीसी कैप्टन शक्ति सिंह*
*- प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद,*
*- ग्रामीण बोले- गांव में बढ़ रहे हैं कैंसर मरीज*
*- डीसी बोले – गांव में होगा डोर टू डोर सर्वे, संदिग्धों की जांच करेगी एम्स की टीम,*
*- अगर गांव में कोई कैंसर मरीज मिलता है तो स्वास्थ्य विभाग कराएगा इलाज*
*झज्जर, 3 जुलाई।* जिला उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह काहड़ी गांव के ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के लिए प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बुधवार शाम गांव में पहुंचे। ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष गांव में कैंसर की बीमारी फैलने की आशंका जताई व इसकी जांच करवाने की मांग रखी। उपायुक्त ने कहा कि गांव में डोर-टू-डोर सर्वे करवाया जाएगा व संदिग्ध ग्रामीणों की एम्स की टीम द्वारा जांच करवाई जाएगी।
उपायुक्त ने गांव के दौरे के दौरान ग्रामीणों के पक्ष को पूरा संवेदनशीलता व गंभीरता से सुना। उन्होंने ग्रामीणों से विस्तार से बातचीत करने के उपरांत स्वास्थ्य विभाग को गांव में ग्रामीणों के हेल्थ चेकअप के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान सभी ग्रामीणों की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे में जो संदिग्ध केस सामने आएंगे उनकी जांच एम्स बाढसा के डॉक्टरों की टीम करेगी। अगर गांव में कोई कैंसर मरीज मिलता है तो उसके इलाज का पूरा खर्च स्वास्थ्य विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में कैंसर मरीज की संख्या काफी बढ़ गई है जिसका मुख्य कारण उन्हें दूषित पेयजल लगता है। हालांकि इस बारे में कोई प्रमाणित रिपोर्ट नहीं होने से कारण ग्रामीणों ने गांव में कैंसर के बढ़ते मरीजों की संख्या के मामले में जांच करवाने की मांग की। इस मौके पर डीएमसी परवेश कादयान, जिला परिषद डिप्टी सीईओ निशा तंवार, सीएमओ ब्रह्मदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
*बॉक्स:*
*स्वच्छता व ऑर्गेनिक खेती के लिए चलेगा जागरूकता अभियान*
उपायुक्त ने ग्रामीण युवाओं से गांव में जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा बेहतर तरीके से प्रभावी जागरूकता अभियान चलाने में सक्षम है। इसे देखते हुए युवाओं से गांव में स्वच्छता व ऑर्गेनिक खेती को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए कहा ताकि ग्रामीणों के जीवन में सार्थक परिवर्तन लाया जा सके।

*जनस्वास्थ्य विभाग करवाएगा पेयजल जांच*
डीसी ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव के पेयजल की जांच करवाई गई है जिसकी रिपोर्ट सामान्य है। उन्होंने कहा कि पेयजल की किसी निजी लैब से एक बार फिर से जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा पेयजल की जांच उच्च स्तरीय लैब से करवाई जाएगी।

*पेयजल व्यवस्था होने तक मिलेगा 50 लीटर पेयजल*
ग्रामीणों ने भस्मने कहा कि गांव में दूषित पेयजल की बड़ी समस्या है जिस कारण ग्रामीण परेशान हैं। डीसी ने ग्रामीणों की समस्या को सुनने के बाद कहा कि गांव में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जबतक जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल की व्यवस्था की जाती है तो गांव में टैंकर के माध्यम से 50 लीटर प्रति मकान शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वह पेयजल का इस्तेमाल केवल पीने के लिए करें।

ग्रामीणों द्वारा गांव में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या के बारे में समाधान शिविर में शिकायत की गई थी। गांव का दौरा किया गया है व ग्रामीणों के पक्ष को विस्तार से सुना गया। स्वास्थ्य विभाग को गांव में डोर-टू-डोर सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं व रिपोर्ट आने के बाद आगामी रणनीति तैयार की जाएगा। सर्वे के बाद संदिग्ध मरीजों का एम्स के डॉक्टरों की टीम जांच करेगी। अगर कोई कैंसर की बीमारी के मरीज मिलते हैं तो उनका इलाज स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराया जाएगा। गांव में दूषित पेयजल की समस्या के बारे में ग्रामीणों ने बताया जिसके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। – कैप्टन शक्ति सिंह, डीसी, झज्जर