*स्वतंत्रता सेनानियों, मातृभाषा सत्याग्रहियों व आपातकाल सत्याग्रहियों को हरियाणा सरकार का नायाब तोहफा*
*- आपातकाल सत्याग्रहियों व स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन में अभूतपूर्व वृद्धि*
*झज्जर, 27 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों, हिंदी आंदोलन-1957 के मातृभाषा सत्याग्रहियों व आपातकाल सत्याग्रहियों मासिक पेंशन में वृद्धि की है। यह बढ़ी हुई पेंशन 1 जुलाई 2024 से लागू होगी। उन्होंने ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कई योजनाएं शुरू की हैं।
हरियाणा राज्य शुभ्र ज्योत्सना पेंशन योजना दिसम्बर 2017 से शुरू की गई थी। इसके तहत लोकतंत्र सेनानियों व उनकी विधवाओं को मासिक पेंशन दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पहली जुलाई, 2024 से उनकी मासिक पेंशन 10,000 रुपए से बढकऱ 20,000 रुपए हो जाएगी। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज की सामान्य बसों में मुफ्त यात्रा तथा वोल्वो बसों में 75 प्रतिशत किराया माफ किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त देने की सुविधा प्रदान की जा रही है। डीसी ने बताया कि हिंदी आंदोलन-1957 के मातृभाषा सत्याग्रहियों को दी जाने वाली मासिक पेंशन को भी बढ़ाकर 20,000 रुपए कर दिया है। सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनके आश्रितों को दी जाने वाली सम्मान पेंशन की राशि भी 25,000 रुपए से बढ़ाकर 40,000 रुपए कर दी है।
*अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाडिय़ों को मिलेगा नकद पुरस्कार*
*- आवेदन प्रक्रिया शुरु, जिला खेल अधिकारी के पास करना होगा आवेदन*
*झज्जर, 27 जून।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि प्रदेश के खेल विभाग ने अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की है। पात्र खिलाड़ी नकद पुरस्कार के लिए अपने आवेदन पत्र जिला खेल अधिकारी के कार्यालय महर्षि दयानन्द सरस्वती स्टेडियम में जमा करवा सकते हैं।
जिला खेल अधिकारी ने बताया जिला उपायुक्त के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए खेलों से संबंधित विभिन्न योजनाओं को जिले में लागू किया जा रहा है। उन्होंने इस पुरस्कार योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई है। केवल वही खिलाड़ी इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने 1 जनवरी 2023 से 31 मार्च 2024 के बीच अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर हुई विभिन्न खेलों में खेल उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि पुरस्कार हेतु आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट haryanasports.gov.in पर उपलब्ध है। विभाग के द्वारा निर्धारित आवेदन पत्र खिलाड़ी द्वारा साफ स्पष्ट तरीके से भरने उपरान्त जमा करवाना होगा। आवेदन के साथ खिलाड़ी की उच्चतम उपलब्धियों की सत्यापित छाया प्रति, सत्यापित खिलाड़ी का बैंक खाता संख्या जोकि बैंक द्वारा सत्यापित किया हो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, खिलाड़ी का रिहायशी प्रमाण पत्र, परिवार पहचान की छाया प्रति आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना अति-आवश्यक हैं। इसके अलावा एक शपथ पत्र भी देना होगा कि उक्त खिलाड़ी डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव नहीं मिला है।
*अग्निवीर रिक्रूटमेंट रैली 10 जुलाई से रोहतक में, एडमिट कार्ड जारी हुए
*झज्जर, 27 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
भारतीय सेना के भर्ती निदेशक ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन रोहतक स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में 10 जुलाई से 15 जुलाई तक किया जाएगा। इस दौरान सैनिक नर्सिंग सहायक, सिपाही फार्मा, आरटी जेसीओ, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर कार्यालय सहायक व स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेडमैन दसवीं पास व अग्निवीर ट्रेडमैन आठवीं पास, अग्निवीर जनरल ड्यूटी पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती निदेशक ने बताया कि सभी योग्य उम्मीदवार जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस टेस्ट पास कर लिया है वह www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपनी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवारों से आग्रह है कि सेना में भर्ती निशुल्क की जाती है, वे किसी दलाल व धोखेबाज के बहकावे में ना आएं तथा भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष व पारदर्शी है। सभी शर्तों को पूरा करने वाले उम्मीदवार को ही नामांकित किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी आवेदक अगर प्रतिबंधित चीजों का सेवन करता मिलेगा तो उसे चयन से वंचित कर दिया जाएगा।
भर्ती निदेशक ने बताया कि बाहर से आने वाले उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली के दौरान ठहरने की व्यवस्था की गई है। उम्मीदवार पूरी धाम धर्मशाला, श्री जोरावर सिंह जैन धर्मशाला, राजपूत धर्मशाला, सैनी धर्मशाला, छोटूराम धर्मशाला, धोबी धर्मशाला में ठहर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार किसी भी प्रकार की सहायता के लिए टेलीफोन नंबर 01262-253431 व 8901384498 पर संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय सेना के भर्ती निदेशक ने बताया कि भारतीय सेना में भर्ती होने के इच्छुक 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के जिला रोहतक, सोनीपत, पानीपत निवासी युवक व युवतियां इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक युवा 13 फरवरी से 22 मार्च तक ज्वाइन इंडियन आर्मी डॉटएनआईसीडॉटइन पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। सेना में अग्निदेव की अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर कार्यालय सहायक व स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन दसवीं, पास व अग्निवीर ट्रेडमैन आठवीं पास, अग्निवीर महिला सेना पुलिस, सेना नर्सिंग सहायक व सिपाही फार्मा के की श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी हासिल करने के लिए रोहतक सेना भर्ती कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।