*14 सितंबर तक बढ़ाई 10 वर्ष पुराने आधार कार्ड अपडेशन की तारीख*
*स्वयं ऑनलाइन करें अपडेट या सीएससी व आधार केंद्र से करवाएं अपडेट*
*- आधार कार्ड अपडेट करना नि शुल्क, जल्दी करें अपडेट*
*- नागरिकों को आठ से दस साल पहले बने आधार कार्ड अपडेट कराना जरूरी*
*झज्जर, 17 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि यूआईडीएआई ने जनहित में 10 वर्ष पुराने आधार कार्ड के निशुल्क अपडेट करने की तिथि बढ़ाकर 14 सितंबर 2024 कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आधार कार्ड सबसे अहम दस्तावेज है और 10 साल पुराने आधार कार्ड को अपडेट करना आवश्यक है। आमजन से आह्वान किया कि 14 जून तक अपने 10 वर्ष पुराने आधार कार्ड ऑनलाइन अपडेट जरूर करें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की समस्या न आए।
डीसी ने कहा कि पहले 14 जून तक फ्री में आधार अपडेट किया जा सकता था जिसे अब तीन महीने आगे बढ़ाते हुए आधार कार्ड को अपडेट करने की तिथि 14 सितंबर 2024 तक बढ़ा दी गई है। नागरिक स्वयं भी uidai.gov.in/ वेबसाइट पर जाकर अपना आधार कार्ड अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी सीएससी व आधार सेंटर पर जाकर करवाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि आधार कार्ड को अपडेट के लिए जो दस्तावेज इस्तेमाल करते हैं उस पर आपका नाम, जन्मतिथि सही होनी चाहिए। आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए रिहायशी प्रमाण पत्र या अन्य निर्धारित पहचान पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। आधार कार्ड धारक द्वारा ऑनलाइन अपडेट करने पर किसी प्रकार के शुल्क की अदायगी नहीं करनी होगी। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड धारक माई आधार पोर्टल से आधार ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, वहीं माय आधार ऐप में जहां पहचान पत्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार्य दस्तावेजों की सूची भी है और पते का प्रमाण भी उपलब्ध है।
*बॉक्स:*
*ऐसे करें स्वयं अपडेट*
सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट uidai.gov.in/ पर जाएं। इसके बाद अपडेट आधार के विकल्प पर क्लिक करें व आधार नंबर डालकर ओटीपी के जरिए लॉगिन करें। अब आधार कार्ड अपडेट करने के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद एड्रेस के विकल्प का चुनाव करें और प्रोसीड टू अपडेट आधार पर क्लिक करना होगा। अब अपडेट एड्रेस के संबंधित दस्तावेज अपलोड करें। अपडेट रिक्वेस्ट एक्सेप्ट होने के बाद 14 डिजिट का यूआरएन नंबर जनरेट होगा। इस नंबर को सहेज लें। कुछ दिनों के बाद आपका आधार अपडेट हो जाएगा। रिक्वेस्ट नंबर के जरिए आप अपना आधार का स्टेटस चेक कर सकते हैं।
—————————-