*महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने किया जेल और पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण*
*महिला कैदियों और बंदियों को मिले जरूरी सुविधाएं: सोनिया अग्रवाल*
*महिला थाने में सुलझाए घरेलू विवाद के मामले, पति-पत्नी के बीच कराई सुलह*
झज्जर 14 जून लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल ने शुक्रवार को जिला कारागार और महिला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण करते हुए महिला थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला शिकायतकर्ताओं की फरियाद सुनते हुए थाना प्रबंधक को मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जेल की बैरकों व जेल में स्थापित कानूनी सहायता क्लीनिक और जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। जेल अधिकारियों को खाना पकाने में साफ-सफाई का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए। जेल अधिकारियों ने बताया कि जेल में फिलहाल कोई महिला बंदी व कैदी नहीं है, जेल में निर्माण कार्य होने की वजह से महिला बंदियों व कैदियों को रोहतक जिला जेल में स्थानांतरित किया गया है। उपाध्यक्ष ने जेल अधिकारियों से कहा कि उनके पुनः स्थानांतरित होने पर जेल में विशेषकर महिला बैरिकों की साफ-सफाई, रहन-सहन, पीने के पानी की व्यवस्था, भोजनालय की समुचित व्यवस्था की जाए।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने झज्जर थाने में सुनी समस्याएं
इसके उपरांत महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने महिला थाने का निरीक्षण किया और जेल में शिकायत लेकर पहुंची महिला शिकायतकर्ताओं से बातचीत करते हुए उनके मामलों में सुलह करवाई। एक मामले में सुनवाई करते हुए उन्होंने पति-पत्नी को निर्देश दिए कि वह अपने दो बच्चों में से एक-एक बच्चे का पालन-पोषण करे। दोनों के बीच विवाद चल रहा है व पुलिस द्वारा मध्यस्थता की जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा महिला आयोग राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाए हुए हैं। आयोग द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिला में महिलाओं की शिकायतों पर सुनवाई की जाती है तथा हर मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही करने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग की ओर से महिलाओं को आश्वस्त किया जाता है कि वे समाज का एक ताकतवर हिस्सा हैं और किसी भी रूप में कमजोर नहीं है। हमारे संविधान में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके उत्पीडऩ को रोकने के लिए पर्याप्त अधिकार दिए गए हैं। सरकार ने जिला स्तर पर महिला पुलिस थानों की व्यवस्था की है।
जेल में निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर जेल सुपरीटेंड सेवा सिंह, डिप्टी सुपरिटेंडेंट जेल अमित कुमार व जंगशेर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।