*समाधान शिविर को लेकर आमजन में रुझान बढ़ा, समस्याओं का हो रहा मौके पर ही निदान*
*समाधान शिविर का लाभ उठाएं नागरिक, एक ही स्थान पर सभी अधिकारियों की मौजूदगी से समस्याओं का समाधान हुआ आसानः डीसी*
*समाधान शिविर में अभी तक आई 226 शिकायतों, ज्यादातर का समाधान किया, लंबित शिकायतों के जल्द समाधान के सख्त निर्देश*
झज्जर, 12 जून लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
आमजन की समस्याओं के त्वरित व प्रभावी समाधान के लिए लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के तीसरे दिन काफी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर उपायुक्त के समक्ष पहुंचे। उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह द्वारा समस्याओं के निर्धारित समय में त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को एक्शन लेने के निर्देश दिए गए। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। पिछले दो दिनों से जिला मुख्यालय व तीनों उपमंडल (बेरी, बहादुरगढ़ व बादली) में समाधान शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में नागरिक विभिन्न प्रकार की समस्याओं के बारे में शिकायतें लेकर आ रहे हैं, जिनमें परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, भूमि विवाद, बिजली कनेक्शन, पेंशन, और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दे शामिल हैं। मौके पर ही सभी विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहते हैं और शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाती है। ज्यादातर मामलों में मौके पर ही समाधान प्रदान किए जा रहे हैं। जबकि कुछ मामलों में, अधिकारियों ने शिकायतों का निपटारा करने के लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित की है जिसमें समस्या का समाधान करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि सरकार व प्रशासन की प्राथमिकता है कि नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान किया जाए। इन समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि हर नागरिक को सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच प्राप्त हो और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा समाधान शिविरों में आने वाली प्रत्येक शिकायत पर निगरानी रखने के लिए समाधान शिविर प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जिसकी निगरानी मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा नियमित रूप से की जा रही है। सभी अधिकारी समस्याओं के निदान के लिए तत्परता से कार्य करना सुनिश्चित करें।
*एक ही स्थान पर सभी अधिकारी, मौके पर हो रहा समाधान*
*आमजन ने की समाधान शिविरों की सराहना*
सरकार द्वारा समाधान शिविर के आयोजन की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है क्योंकि उन्हें अपनी समस्याओं का समाधान कराने के लिए एक सुविधाजनक मंच मिला है जहां विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारी एक ही समस्या में मौजूद रहते हैं। कुछ समस्याएं कई विभागों के से जुड़ी होती है जिस वजह से पहले फाइल एक विभाग से दूसरे विभाग तक जाने में समय लगता था। अब अधिकारियों के एक स्थान पर मौजूद रहने से ऐसी समस्याओं का मौके पर ही कम समय में समाधान हो रहा है।
*हर रोज पोर्टल पर अपडेट होता स्टेट्स*
उपायुक्त कहा कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को अधिकारी पोर्टल अपलोड करें और साथ में समस्या की वर्तमान स्थिति के बारे में भी अपडेट करते रहें ताकि लोगों को किसी प्रकार कोई परेशानी न हो। समाधान शिविर में अब तक 226 शिकायतें रखी जा चुकी हैं जिनमें से ज्यादातर शिकायतों का समाधान किया जा चुका है व जो लंबित हैं उनका समाधान जल्द सुनिश्चित किया जाएगा।
*समाधान शिविर को लेकर लोगों में रुझान बढ़ा*
समाधान शिविर में शिकायतें लेकर आने वाले नागरिकों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिला प्रशासन द्वारा भी नागरिकों से अपनी समस्याओ को समाधान शिविर के जरिये समाधान करवाने का आह्वान किया जा रहा है। समाधान शिविर में तीसरे दिन झज्जर में 107, बेरी में 37, बादली में 1, बहादुरगढ़ में 7 शिकायतें दर्ज हुई। पूरे जिले में 152 शिकायतें दर्ज हुई। जबकि मंगलवार को समाधान शिविर में 74 शिकायतें दर्ज हुई थी। जिले में अभी तक 226 शिकायतें शिविर में पहुंची हैं।

फोटो कैप्शन – समाधान शिविर के दौरान शिकायतें सुनते हुए उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह व शिविर में मौजूद अन्य अधिकारी।
—————————