लोकतंत्र मजबूत बनाने में युवा वर्ग की अहम भूमिका: एसडीएम* *गांव दूबलधन स्थित राजकीय महाविद्यालय में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बेरी( झज्जर), 12 अप्रैल।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
निकटवर्ती गांव दूबलधन स्थित राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत एसडीएम रविंद्र मलिक की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि जिलाभर में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन और स्वीप कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी एवं एडीसी सलोनी शर्मा के निर्देश अनुसार वोट के जागरूक करने के उद्देश्य को लेकर कार्यक्रमो का आयोजन निरंतर जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को दूबलधन में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हुआ।
इस मौके पर 67- बेरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रविंद्र मलिक ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी पात्र युवाओं, नए मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। युवाओं को स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने माता-पिता तथा आस-पड़ोस के लोगों को भी मतदान प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करना चाहिए।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा वोट बनवाने व मतदान करने के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वीप अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को वोट बनवाने व मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। चुनाव आयोग द्वारा युवा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है,जिसमें आमजन की सक्रिय भूमिका है।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक व्यस्क नागरिक का मौलिक अधिकार है। मतदान से वह देश की प्रगति और विकास में अपना योगदान दे सकता है। ऐसे में युवाओं को अधिक से अधिक मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इस मौके पर चुनाव कानूनगो मनोज कुमार, लेखाकार एसएन कौशिक के अलावा कालेज प्रबंधन के सभी सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित थे।
फोटो- गांव दूबलधन स्थित राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते एसडीएम रविंद्र मलिक।
