*बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता घर से वोटिंग का चुन सकते हैं विकल्प: एसडीएम यादव*
*- चुनाव में बीएलओ का अहम रोल, ड्यूटी में कोताही पर होगी कार्रवाई: एआरओ*
*झज्जर, 12 अप्रैल। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने व चुनाव आयोग द्वारा विभिन्न वर्गों में मतदाताओं के लिए शुरू की गई सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में बीएलओज व सुपरवाइजर्स की मीटिंग का आयोजन हुआ। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के दिशा-निर्देश में आयोजित मीटिंग की अध्यक्षता एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी रविंद्र यादव ने की।
एसडीएम रविंद्र यादव ने मीटिंग में मौजूद बीएलओज, सुपरवाइजरर्स व अन्य कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। एआरओ ने कहा कि चुनाव में बीएलओ व सुपरवाइजर की बड़ी अहम भूमिका होती है। ऐसे में उनके स्तर पर ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा 85 वर्ष से अधिक व दिव्यांग मतदाताओं को बैलेट पेपर द्वारा घर से ही मतदान करने की सुविधा दी गई। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने एरिया में यह सुनिश्चित करे की इन वर्गों की कितने मतदाता ऐसे हैं जो घर से मतदान करने के इच्छुक हैं। आयोग द्वारा निर्धारित वर्ग के जो मतदाता घर से मतदान करने का आवेदन करते हैं उनका घर से ही मतदान सुनिश्चित किया जाए।
एआरओ ने कहा कि बीएलओ द्वारा युवाओं को वोट बनवाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल तक एक अप्रैल को 18 वर्ष पूरी कर चुके युवा अपना वोट बनवाकर आगामी 25 मई को लोकसभा चुनाव में मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा वर्तमान में वोट ट्रांसफर के लिए आवेदन किया जा सकता है, जिन मतदाताओं को अपने वोट अन्य स्थान पर ट्रांसफर करवाना है वह भी इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट, एप के माध्यम से या फिर इलेक्शन कार्यालय में ऑफलाइन मोड से निर्धारित फॉर्म भरकर जमा करवा सकते हैं। इस दौरान नायब तहसीलदार (इलेक्शन) सुरेंद्र व कानूनगो सुनील दांगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।