लोकसभा आम चुनाव- 2024
यूथ बूथ पर 18 से 25 साल आयु का स्टाफ और पिंक बूथ पर केवल महिला अधिकारी- कर्मचारी होंगी तैनात
– प्रत्येक विधानसभा में हैं एक-एक यूथ, महिला यानि पिंक बूथ और मॉडल बूथ
-जिला में 551 भवनों में बनाए गए हैं 912 बूथ

भिवानी  22 मार्च। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

लोकसभा आम चुनाव-2024 हेतू मतदान के लिए जिला में 551 भवनों में 912 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान के प्रति उत्सुकता को लेकर प्रत्येक विधानसभा में एक-एक मॉडल बूथ, एक-एक यूथ बूथ एवं एक-एक महिला यानि पिंक बूथ बनाए गए हैं। पिंक बूथ पर महिला स्टाफ तथा यूथ बूथ पर 18 साल से 25 साल तक के अधिकारी और कर्मचारी तैनात होंगे। इसी प्रकार से मॉडल बूथों पर सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं के अलावा मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए इन पोलिंग बूथों को रंग-बिरंगें गुब्बारों व फूल-मालाओं से सजाकर आकर्षक बनाया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी नरेश नरवाल ने बताया कि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा में 54-लोहारू, 57-भिवानी, 58-तोशाम विधानसभा आती हैं, जबकि 59- बवानीखेड़ा-एससी विधानसभा क्षेत्र हिसार लोकसभा क्षेत्र में आता है। जिला की प्रत्येक विधानसभा में प्रत्येक विधानसभा में एक-एक मॉडल बूथ, एक-एक यूथ बूथ और एक-एक महिला बूथ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेशानुसार इन पोलिंब बूथों पर स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। इसी प्रकार से यहां पर मतदाताओं को सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इन मतदान केंद्रों पर विशेषतौर पर फोकस किया गया है।

यूथ बूथ पर ड्यूटी देंगे युवा अधिकारी व कर्मचारी
लोहारू विधानसभा का यूथ बूथ नंबर 203 है, जो राजकीय सी.सै. स्कूल लोहारू में बनाया गया है। भिवानी विधानसभा का यूथ बूथ नंबर 31 है, जो सेंट्रल स्कूल भिवानी के कमरा नंबर 10 में बनाया गया है। तोशाम विधानसभा का यूथ बूथ नंबर 25 है, जो राजकीय आईटीआई महिला विंग तोशाम में बनाया गया है। बवानीखेड़ा-एससी विधानसभा का यूथ बूथ नंबर 68 है, जो राजकीय ग्रल सी.सै. स्कूल बवानीखेड़ा में बनाया गया है। इन यूथ बूथों पर 18 से 25 साल के युवा अधिकारी और कर्मचारी की नियुक्ति की जाएगी। युवा अधिकारी और कर्मचारी युवा मतदाताओं को अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे।
रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया जाएगा पिंक बूथ को, केवल महिला कर्मचारी देंगी ड्यूटी
लोहारू विधानसभा का महिला यानि पिंक बूथ नंबर 201 है, जो तहसील कार्यालय की नॉर्थ विंग लोहारू में बनाया गया है। भिवानी विधानसभा का महिला बूथ नंबर 09 है, जो पब्लिक स्कूल नॉर्थ-इस्ट विंग भिवानी में बनाया गया है। तोशाम विधानसभा का महिला बूथ नंबर 30 है, जो राजकीय मॉडल संस्कृति सी.सै. स्कूल इस्ट विंग तोशाम में बनाया गया है तथा बवानीखेड़ा-एससी विधानसभा का महिला बूथ नंबर 148 है, जो प्रेमनगर पंचायत घर में बनाया गया है। पिंक बूथ पर केवल महिला अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी देंगी। इसके अलावा पिंक बूथ को रंग-बिरंगे गुब्बारों व फूल-मालाओं से सजाकर आकर्षक बनाया जाएगा जो दूर से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेंगे। ये बूथ महिलाओं को अपने मताधिकार को प्रयोग करने को लेकर बनाए जा रहे हैं।
मॉडल बूथों पर भी होंगी विशेष सुविधाएं
लोहारू विधानसभा में मॉडल बूथ नंबर 207 है, जो बीडीपीओ कार्यालय में दक्षिण में बनाया गया है। भिवानी विधानसभा का मॉडल बूथ नंबर 104 है, जो भिवानी शहर के राजकीय सी.सै. स्कूल में पूर्व दिशा में बनाया गया है। तोशाम विधानसभा का मॉडल बूथ नंबर 21 है, जो पंचायत भवन की पूर्व दिशा में बनाया गया है तथा बवानीखेड़ा-एससी विधानसभा का मॉडल बूथ नंबर 08 है, जो राजकीय मिडल सिकंदरपुर में बनाया गया है। इन बूथों पर भी मतदाताओं को सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यहां पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पोलिंग बूथ इस प्रकार से बनाये गए
जिला में 54-लोहारू विधानसभा क्षेत्र में 159 लोकेशन पर 230 बूथ बनाए गए हैं। इसी प्रकार से 57-भिवानी विधानसभा क्षेत्र में 119 लोकेशन पर 220 बूथ बनाए गए हैं। 58-तोशाम विधानसभा क्षेत्र में 136 लोकेशन पर 233 बूथ बनाए गए हैं। इसी प्रकार से जिला की 59- बवानीखेड़ा-एससी विधानसभा क्षेत्र में 137 लोकेशन पर 229 बूथ बनाए गए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला की चारों विधानसभाओं में पिंक, यूथ और मॉडल बूथ बनाए गए हैं। पिंक बूथ पर महिला स्टाफ तथा यूथ बूथों पर युवा अधिकारी तैनात किए जाएंगे। ये सभी बूथ आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इस बारे में सभी विधानसभाओं के एआरओ को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं।