हत्या के मामले में एक महिला आरोपी गिरफ्तार – –
21 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा 
झज्जर /थाना साल्हावास के अंतर्गत पुलिस चौकी झाड़ली के एरिया में हुई हत्या के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई। जिस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस चौकी झाड़ली प्रभारी सहायक उप निरीक्षक रविंद्र ने बताया कि संदीप निवासी गोरिया जिला झज्जर ने शिकायत देते हुए बताया कि मेरा ताऊ महेंद्र सिंह काफी दिन से अपने मकान में अकेला रह रहा था। दिनांक 27 फरवरी 2024 को किसी को बिना बताए अपने मकान से कहीं चला गया है जो अभी तक वापस नहीं आया जिसकी हमने काफी तलाश की परंतु मेरे ताऊ महेंद्र का कोई पता नहीं चला। हमे शक है कि मेरे ताऊ को किसी नाम पता ना मालूम व्यक्ति ने अनजान जगह पर छुपा कर रखा है। जिस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना साल्हावास में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। दर्ज मुकदमे पर कार्रवाई करते हुए चौकी में तैनात उप निरीक्षक ओम प्रकाश की पुलिस टीम गुमशुदा व्यक्ति महेंद्र की तलाश कर रही थी कि पुलिस को सूचना मिली कि भिड़ावास झील में पुलिया के सामने एक डेड बॉडी कपड़े में लिपटी हुई मिली है। जिसके बारे में हमें गांव वालों से पता चला कि महेंद्र निवासी गोरिया गायब नहीं हुआ बल्कि उसके घर वालों ने मारकर उसकी डेड बॉडी को कहीं छुपा दिया है। मृतक महेंद्र की डेड बॉडी को ढूंढते ढूंढते कुछ ग्राम वासी भिंडावास झील पर पुलिया के नजदीक पहुंचे जहां पर महेंद्र निवासी गोरिया की डेड बॉडी बंधी हुई थी। जिसके सिर में आगे पीछे चोट लगी हुई थी। पुलिस ने गुप्त सूत्रों से जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि उसके भतीजे संदीप पुत्र महावीर ने परिवार वालों के साथ मिलकर महेंद्र की हत्या करके उसके शरीर को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से मारकर भिंडावास झील में गिरा दिया था। जिस सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना साल्हावास में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।उन्होंने बताया की हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन द्वारा कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस उपायुक्त के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए हत्या के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। चौकी में तैनात उप निरीक्षक ओमप्रकाश की पुलिस टीम ने गहनता से कार्रवाई करते हुए उपरोक्त मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ी गई महिला आरोपी से वारदात में प्रयोग किया गया सुवा बरामद किया गया। महिला आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अदालत झज्जर में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।