*वोटर कार्ड बनवाकर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के पर्व में शामिल हों युवा: जिला निर्वाचन अधिकारी*
*- विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के पर्व में शामिल होने के लिए युवा बनवाएं वोट : जिला निर्वाचन अधिकारी*
*- चुनाव आयोग व जिले की वेबसाइट पर देखें वोटर लिस्ट सार्वजनिक*
*झज्जर, 13 मार्च। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि पूरे विश्व में भारतीय लोकतंत्र की अलग पहचान स्थापित है। भारत में चुनाव को पर्व की तरह मनाया जाता है और इस बार तो चुनाव आयोग ने चुनाव का पर्व देश का गर्व स्लोगन भी दिया है। डीसी ने कहा कि जल्द ही देश के लोकसभा चुनाव आने वाला है और आचार संहिता लागू होते ही समूचा देश में लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व का आगाज हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में शामिल होने के लिए 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की उम्र की दहलीज पार कर चुके युवा अपना वोट अवश्य बनवाएं। वोट बनवाकर लोकतंत्र के यज्ञ में अपनी आहुति प्रत्येक नागरिक को देनी चाहिए, क्योंकि अधिक से अधिक मतदान से ही देश में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होती हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि यह भी ध्यान रखना चाहिए कि केवल वोटर कार्ड होने से वोट का अधिकार सुनिश्चित नहीं होता, बल्कि मतदाता सूची में भी नाम दर्ज होना जरूरी है। इसके लिए आमजन से आह्वान किया कि वह झज्जर जिला की आधिकारिक वेबसाइट https://jhajjar.nic.in पर विजट कर मतदाता सूची में नाम चेक कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी चुनाव कार्यालय में जाकर मतदाता सूची में नाम चेक करें या फिर ऑनलाइन चुनाव आयोग की वेबसाइट https://ceoharyana.gov.in/ पर विजिट करके भी चेक कर सकते हैं।निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप की सुविधा भी दी गई है जिस पर वोटर अपना नाम वोटर लिस्ट में चेक कर सकता है। जिन मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है वो नाम जुड़वा सकते हैं और नए वोटर वोट बनवा सकते हैं। ऑनलाइन वोटर कार्ड बनवाना भी बिल्कुल आसान है कुछ प्रक्रिया पूरी करते हुए वोटर कार्ड बनवाया जा सकता है।
इसके अलावा स्वीप कार्यक्रम की जिला नोडल ऑफिसर एवं एडीसी सलोनी शर्मा द्वारा भी वोटर जागरूकता के लिए स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा स्वीप अभियान के तहत युवाओं को वोट बनवाने व मताधिकार के उपयोग करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का वोट महत्व समझाना भी आवश्यक है। नोडल अधिकारी ने कहा कि वोट बनवाना व एक स्थान दूसरे स्थान पर वोट स्थानांतरित करना, दोनों ही बेहद सरल प्रक्रियाएं हैं। इस बात को युवाओं को समझना होगा कि लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत बनता है और एक जनवरी 2024 को 18 साल की उम्र पूरी कर चुके प्रत्येक युवक को अपना वोट बनवाते हुए वोट के अधिकार का उपयोग करना चाहिए।