पुलिस आयुक्त झज्जर ने क्राइम मीटिंग में दिए अपराधियों को पकड़ने व अपराधों को रोकने के कड़े निर्देश
झज्जर 13 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
बुधवार को पुलिस आयुक्त बी सतीश बालन द्वारा जिला के सभी थाना प्रबंधको , चौकी प्रभारियों , अपराध जांच शाखा झज्जर व बहादुरगढ़ के प्रभारियों की बैठक ली गई । पुलिस आयुक्त झज्जर श्री बी सतीश बालन ने बैठक में सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में अपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने को लेकर हर सम्भव कड़े कदम उठाए जाएं । आमजन की सुरक्षा तथा अपराधों की रोकथाम करते हुए अपराधियों को पकड़ने के लिए अलग अलग स्थानों पर तैनात पीसीआर, राइडर्स , नाका व गश्त पार्टियों को चुस्त-दुरुस्त किया जाए । उन्होंने अपराधों की रोकथाम के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित करने तथा विशेष निगरानी रखते हुए अवैध हथियारों को पकड़ने के कड़े निर्देश किए । उन्होंने थानों में दर्ज संगीन किस्म के लंबित मामलो की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली । अज्ञात व अनसुलझे लंबित संगीन किस्म के मामलो को जल्द से जल्द सुलझाने व दोषियों को गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत अथवा मामला बिना किसी कार्रवाई के लंबित पाया गया तो संबंधित जिम्मेवार पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने थाना अथवा चौकी में आए किसी भी शिकायतकर्ता के साथ सम्मान पूर्वक सहयोग करने तथा उसकी शिकायत पर तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए । सभी थाना प्रबंधको एवं चौकी प्रभारियों को अपने अपने इलाके में विशेष सतर्कता एवं चौकसी रखते हुए कड़ी निगरानी रखने व अपराधों को रोकने के लिये ठोस कदम उठाने के दिशानिर्देश किये । उन्होंने सभी थाना प्रबंधको व चौकी प्रभारियों को लड़ाई झगड़े के मामले की सूचना पर तुरंत मौका पर पहुंच कर उचित निष्पक्ष व पारदर्शी कार्रवाई करने तथा मामले के असल दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए । वांछित आरोपियों /अपराधियों को गिरफ्तार करने के संबंध में आदेश देते हुए पुलिस आयुक्त बी सतीश बालन ने कहा कि मॉस्ट वॉन्टेड अपराधियों , बेल जंपर , पैरोल जंपर तथा उद्घोषित अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर कार्यवाही की जाए।
पुलिस आयुक्त झज्जर बी सतीश बालन ने निर्देश देते हुए कहा कि अपराधो की रोकथाम व अपराधिक एवं शरारती तत्वों पर निगरानी रखने के साथ साथ शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए । उन्होंने कहा कि अवैध शराब सहित नशीले पदार्थों की तस्करी के अवैध धंधे की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जाएं । इस तरह के अवैध धंधे में लिप्त दोषियों को काबू करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए । मीटिंग में पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रबंधको व चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि महिला विरुद्ध अपराधों की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाए । इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अपराधियों को पकड़ने तथा अपराधो की रोकथाम में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों को सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया जाएगा । इस अवसर पर बैठक में पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन, पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा, सहायक पुलिस उपायुक्त शुभम सिंह व सहायक पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार, सहायक पुलिस उपायुक्त शमशेर सिंह, सहायक पुलिस उपायुक्त प्रदीप कुमार, सहायक पुलिस उपायुक्त धर्मवीर सिंह, सहायक पुलिस उपायुक्त अखिल कुमार, सहायक पुलिस उपायुक्त गुलाब सिंह तथा जिला के सभी थाना प्रबंधक व चौकियों के प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे ।