सेक्टर ऑफिसर मतदान केंद्रों पर बिजली-पानी सहित सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें: विपिन कुमार
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सेक्टर ऑफिसर को दिए जरूरी निर्देश
– लोकसभा चुनाव के लिए जिला में बनाए गए हैं 77 सेक्टर ऑफिसर

भिवानी, 19 फरवरी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश विपिन कुमार की अध्यक्षता में स्थानीय पंचायत भवन में लोकसभा क्षेत्र चुनाव के मद्देनजर बूथों की मैंपिग को लेकर सेक्टर ऑफिसर की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में नगराधीश ने सभी सेक्टर ऑफिसर को उनके क्षेत्र के तहत आने वाले सभी बूथों पर जाकर वहां सभी मूलभूत सुविधाओं की जांच करने व एक सप्ताह के अंदर- अंदर अपने संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 के लिए बनाए गए सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय का प्रबंधन होने के साथ-साथ पोलिंग स्टेशन भवन के खिडक़ी दरवाजे दुरस्त होना जरूरी है। ऐसे में जिला के सभी सेक्टर ऑफिसर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाएं और वहां पर जरूरी मूूलभूत सुविधाएं चैक करें। उन्होंने सभी सेक्टर ऑफिसर को निर्देश दिए कि वे निरीक्षण कार्य की रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर-अंदर अपने संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी को देना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों पर बिजली- पानी, शौचालय और रैंप की सुविधा होना जरूरी है, ताकि मतदाताओं को अपने मत का प्रयोग करने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने निर्देश दिए कि सेक्टर ऑफिसर को अपने मतदान केंद्रों का पता होना चाहिए, ऐसे में वे सभी मौके पर जाकर मुआवना करें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव में मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने व शांतिपूर्वक व निष्पक्ष ढंग से चुनाव संपन्न करवाने को लेकर जिला में कुल 77 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर ऑफिसर को 15-17 पोलिंग स्टेशन दिए गए हैं। उन्होंने सेक्टर ऑफिसर को निर्देश दिए कि अपने-अपने संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल स्थापित रखें ताकि पोलिंग स्टेशन पर सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने सेक्टर ऑफिसर को कहा कि वे अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठïा व गंभीरता के साथ करें। मतदान से पहले मतदान केंद्र पर सभी तैयारियां सही होना जरूरी है। ऐसे में सेक्टर ऑफिसर का दायित्व और भी अधिक बन जाता है। सुचारू मतदान में सैक्टर ऑफिसर की अह्म भूमिका है क्योंकि सेक्टर ऑफिसर शांतिपूर्वक मतदान के लिए सभी प्रबंध सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी भी सभी मतदान केंद्रो का दौरा करें और चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा लें। अगर कोई कमी नजर आती है तो उसे दूर करने का कार्य करें और इस बारे उच्चाधिकारियों को भी अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान वहां के नागरिकों को अपने मत को प्रयोग करने के लिए जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक मतदान हो।
इस दौरान चुनाव तहसीलदार जयबीर सिवाच, डीएसपी मुख्यालय रमेश चंद्र, चुनाव कानूनगो रामफल, सहायक अनिल कुमार सहित अनेक सेक्टर आफिसर मौजूद थे