25 मई को मतदान, सभी मतदाता वोटर लिस्ट में चेक कर लें अपना नाम: जिला निर्वाचन अधिकारी
– बहादुरगढ़ में एक अतिरिक्त पोलिंग बूथ बनेगा, बेरी में 6 बूथों का केवल नाम बदला
झज्जर, 5 मई। 
लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि 25 मई को लोकसभा चुनाव हेतु मतदान होगा। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि मतदान से पूर्व सभी मतदाता सूची में अपना नाम व अपने पोलिंग बूथ के बारे में जानकारी पता कर लें। उन्होंने बताया कि झज्जर जिले में कुल 797 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बहादुरगढ़ में बूथ संख्या 146 पर मतदाताओं की संख्या 1500 से अधिक होने के कारण एक अतिरिक्त पोलिंग बूथ (146क) बनाया गया है। इसके अलावा बेरी में बूथ संख्या 30,31,35,79,80,170 के केवल नाम परिवर्तन किए गए हैं। इसके अलावा जिले के किसी भी पोलिंग बूथ के स्थान व नाम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
डीसी ने सभी मतदाताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वह अपने पोलिंग बूथ व मतदाता सूची में अपना नाम चेक अवश्य कर लें। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को घर बैठे आसानी से किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने कई ऑनलाइन सर्विस लॉन्च की हैं जिनके जरिये मतदाता सूची में नाम व पोलिंग बूथ के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1950 पर फोन करके भी मतदाता पोलिंग बूथ व मतदाता सूची के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की वेबसाइट  www.jhajjar.nic.in  चुनाव आयोग की वेबसाइट  www.voters.eci.gov.in  पर जाकर इस संबंध में पूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है। वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एक पर भी मतदाता सूची, पोलिंग बूथ आदि को लेकर जानकारी उपलब्ध है। डीसी ने बताया कि झज्जर जिले में बहादुरगढ़ में एक अतिरिक्त पोलिंग बूथ स्थापित करने के अलावा बेरी विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ संख्या 30, 31, 35, 79, 80, 170 के केवल नाम परिवर्तन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में चुनाव की तैयारी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार किया जा रहा है।

जिला में 87 प्रतिशत सरसों और 60 फीसदी गेहूं का  उठान दर्ज
मंडियों में एक लाख 79 हजार 307 मीट्रिक टन गेहूं और 57 हजार 87.72 मीट्रिक टन सरसों की खरीद
— डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने खरीद एजेंसियों को गेहूं व सरसों उपज उठान कार्य के दिए निर्देश
झज्जर, 05 मई।

डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि जिले भर में रबी की फसलों की खरीद व  उठान का कार्य सुगमता से जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में मंडियों और खरीद केंद्रों से एक लाख 79 हजार 307 मीट्रिक टन गेहूं और  57 हजार 87.72 मीट्रिक टन सरसों की खरीद की गई है। खरीद एजेंसियों द्वारा 87 प्रतिशत सरसो व 60 प्रतिशत गेहूं का उठान हो चुका है। अनाज मंडियों व परचेज सेंटरों पर उठान कार्य तेजी से जारी है।
डीसी ने गेहूं खरीद की जानकारी देते हुए बताया कि झज्जर अनाज मंडी में 38 हजार 696 मीट्रिक टन, बादली अनाज मंडी में 10588 मीट्रिक टन, ढाकला अनाज मंडी में 7913 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी 44 हजार 724 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी से 19331 मीट्रिक टन, माजरा डी खरीद केंद्र पर 32033 मीट्रिक टन, छारा खरीद केंद्र पर 16 हजार 160 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ अनाज मंडी पर 980 मीट्रिक टन तथा आसौदा खरीद केंद्र पर 8883 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
वहीं झज्जर अनाज मंडी में 25 हजार 165  मीट्रिक टन, बादली अनाज मण्डी में 7544 मीट्रिक टन, ढाकला अनाज मण्डी में 3637 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी 30773 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी से 7871 मीट्रिक टन, माजरा डी खरीद केंद्र पर 12 हजार 568 मीट्रिक टन, छारा खरीद केंद्र पर 10242 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ अनाज मंडी पर 980 मीट्रिक टन तथा आसौदा खरीद केंद्र पर 8863 मीट्रिक टन गेहूं का उठान हो चुका है।
डीसी ने सरसों उपज उठान की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक बहादुरगढ़ अनाज मंडी में 1059.35 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी में 2455.88 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी में 11 हजार 867.56 मीट्रिक टन, झज्जर अनाज मंडी में 9500 मीट्रिक टन तथा ढाकला अनाज मंडी में 8172 मीट्रिक टन सरसों का उठान हो चुका है। वहीं खरीद को लेकर बहादुरगढ़ अनाज मंडी में 1059.35 मीट्रिक टन, बेरी अनाज मंडी में 2934.95 मीट्रिक टन, मातनहेल अनाज मंडी में 15 हजार 836.76 मीट्रिक टन, झज्जर अनाज मंडी में 10 हजार 258.68 मीट्रिक टन तथा ढाकला अनाज मंडी में 10379.19 मीट्रिक टन सरसों की खरीद दर्ज की  जा चुकी है।  डीसी ने दोहराया कि खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो पाए,इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

चुनाव का पर्व-देश का गर्व:
लोकतंत्र का महापर्व  25 को,  मतदान में बढ़ चढ़ कर भाग लें वोटर : डीसी
‘लोकतंत्र की सशक्त तस्वीर- उंगली पर नीली लकीर ’
– जिला में जगह-जगह लगी प्रचार सामग्री मतदाताओं को बढ़चढ़ कर मतदान करने दे रही संदेश
झज्जर, 05 मई।

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय हरियाणा सहित जिला प्रशासन मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने और अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से हरियाणा राज्य परिवहन की बसें न केवल हरियाणा राज्य बल्कि देश के अन्य राज्यों के मतदाताओं को भी जागरूक करने में मददगार बन रही हैं। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा हरियाणा राज्य परिवहन की बसों पर मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री लगाई गई है जो मतदाताओं का ध्यान सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं और मतदाताओं को 25 मई मतदान के दिन बढ़चढ़ कर मतदान करने का आह्वान कर रही हैं। इसके अलावा जिला में जगह-जगह लगी मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री, सेल्फी प्वाइंट, स्टैंडी, बैनर, होर्डिंग्स आदि मतदाताओं को बढ़चढ़ कर मतदान करने के लिए प्रेरित व जागरूक कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला के विभिन्न बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिसके लिए भारत निर्वाचन आयोग व हरियाणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के निर्देशानुसार सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की ओर से हरियाणा रोडवेज की बसों पर मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री, बैनर व पोस्टर चस्पा करवाए गए हैं। इन पोस्टरों में आम जनता से ‘छुट्टी का दिन समझकर घर पर आराम न फरमाइए-मतदान केंद्र पर मतदान करने आइए’, ‘लोकतंत्र की सशक्त तस्वीर- उंगली पर नीली लकीर’ जैसे जागरूकता स्लोगन व टैगलाइन के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की जा रही है। बसों पर लगी प्रचार-सामग्री के माध्यम से आमजन को मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 की भी जानकारी दी जा रही है।