हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को बतौर वित्त मंत्री भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार का दूसरा बजट पेश किया। बजट टैब के जरिए ऑनलाइन पेश किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 12 बजकर 4 मिनट पर गणपति वंदना ‘वक्रतुंड महाकाय, सूर्यकोटि समप्रभ:, निर्विघ्नम कुरुमे देव सर्व कार्येसु सर्वदा’ से बजट भाषण शुरू किया था। बजट भाषण 2 बजकर 38 मिनट पर खत्म हुआ यानी बजट भाषण 2 घंटे 34 मिनट का रहा।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वे अपनी सरकार के वर्तमान कार्यकाल के इस दूसरे बजट को आजादी की 75वीं वर्षगांठ और प्रदेश की जनता को समर्पित करते हैं। बजट में 12 वीं तक की शिक्षा को फ्री करने के साथ सरकारी स्कूलों में डिजिटल क्लासें बनवाने का ऐलान किया। वहीं राज्य में 3 नए मेडिकल कॉलेज और एक कैंसर विज्ञान केंद्र खोलने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस बार का बजट 155645 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वर्ष के बजट से 13 फीसदी अधिक है। बजट का 25 प्रतिशत पूंजीगत खर्च और 75 फीसदी राजस्व व्यय होगा। फरवरी 2021 तक 26038 करोड़ रुपए का राजस्व एकत्र किया, यह पिछले साल से 11.36 प्रतिशत अधिक है। 45066 करोड़ स्टेट डेवलपमेंट गोल से सबंधित योजनाओं के लिए आवंटित किए गए। 2021-22 के लिए राजकोषीय घाटा सकल राज्य घरेलू उत्पाद का 3.83 फीसदी अनुमानित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one × one =