समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं का हुआ समाधान,
शिविर के दूसरे दिन समस्याएं लेकर पहुंचे करीब 60 नागरिक
त्वरित एक्शन लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

फोटो कैप्शन : मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविर के दौरान समस्याएं सुनते हुए डीसी कैप्टन शक्ति सिंह व डीसीपी अर्पित जैन।

एक ही स्थान पर सभी अधिकारियों के मौजूद होने से समस्याओं का समाधान हुआ आसान
झज्जर, 11 जून  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

जिला प्रशासन द्वारा प्रदेश सरकार के निर्देशों पर प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जा रहा है। समाधान शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को काफी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर शिविर में पहुंचे। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में डीसीपी अर्पित जैन भी मौजूद रहे व आमजन की समस्याओं की सुनवाई की। करीब 60 शिकायतों पर इस दौरान सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निर्धारित समय में निराकरण करने के निर्देश दिए।
डीसी ने बताया कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री नायब सैनी के आदेश पर मुख्य सचिव के दिशा निर्देशन में आमजन की समस्याओं का त्वरित निदान करने के लिए जिला झज्जर के लघु सचिवालय में सोमवार से समाधान शिविर की शुरुआत हो गई है। प्रतिदिन इन शिविरों में जिला प्रशासन, पुलिस, राजस्व, नगर निगम अथवा नगर परिषद, समाज कल्याण आदि जन कल्याण की योजनाएं लागू करने वाले विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहते हैं। इसके अलावा डीसीपी (मुख्यालय), जिला नगर आयुक्त, उपमंडल अधिकारी (ना.), जिला समाज कल्याण अधिकारी आदि अधिकारीगण समाधान शिविर में मौजूद रहे। लघु सचिवालय में आमजन की समस्याएं सुनने के उपरांत डीसी ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन तत्परता से कार्यवाही कर रहा है। सरकारी विभागों से संबंधित जो भी समस्याएं संज्ञान में आती हैं, उनका हर हाल में समाधान करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
बॉक्स:
हर रोज लगेगा शिविर, मौके पर ही होगा समाधान
डीसी ने बताया कि प्रत्येक कार्य दिवस पर जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन प्रात: 9 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। इन शिविरों में मुख्य रूप से ज़मीन की रजिस्ट्री, एनओसी प्राप्त करने, राशन कार्ड बनवाने, राशन वितरण, अपराध संबंधी शिकायतें, बिजली, सिंचाई, जन स्वास्थ्य बारे शिकायतें, सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसे बुढ़ापा पेंशन, दिव्यांगता या विधवा पेंशन से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी और उनका समाधान किया जाएगा। इनके अलावा भी जो समस्याएं प्रशासनिक दायरे में होंगी उनको हल करने के किए कदम उठाए जाएंगे।

प्रॉपर्टी आईडी और फैमिली आईडी की खामियओं का मौके पर समाधान करने के लिए शिविर में ही ऑप्रेटर मौजूद रहेंगे। मंगलवार को शिविर के दूसरे दिन जिन अधिकरियों के विभागों से जुड़ी समस्या आई वह तुरंत उपायुक्त द्वारा मौके संबंधित अधिकारी को प्रेषित करते हुए उसका समाधान करवाया गया।