शराब पीकर गाड़ी चलाने व हुड़दंग बाजी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अर्पित जैन

रंगो के त्योहार होली को एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से मनायें

जिले में 37 नाके लगाकर व भीड़भाड़ वाले एरिया में सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा शरारती तत्व पर रखी जा रही है नजर

झज्जर 23 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

होली पर्व के दौरान शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन ने जिला के सभी थाना प्रबंधकों, अपराध जांच शाखा झज्जर व बहादुरगढ़ के प्रभारियों तथा चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए है। पुलिस उपायुक्त ने जिलावासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सादगी व शांति से त्यौहार मनाने की अपील की है। पुलिस कर्मियों को दिए निर्देशों में पुलिस उपायुक्त झज्जर ने कहा कि शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। साथ-साथ अपराधिक, शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर खास तौर से कड़ी नजर रखी जाएगी। जिला के मुख्य चौक चौराहों तथा संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी की गई। घनी आबादी वाली कॉलोनियों जहां झगड़ा होने की संभावना हो ऐसे स्थानों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है । पुलिस उपायुक्त ने कहा कि प्रबंधक थाना यातायात बहादुरगढ़ तथा यातायात प्रभारी झज्जर अलग अलग स्थानों पर नाकाबंदी करके वाहन चालकों को एल्को मीटर द्वारा चैक करेंगे । शराब पीकर वाहन चलाने वाले तथा साइलेंसर से पटाखे बजाते हुडदंग करते चलते हुए दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी। महिलाओं एवं लड़कियों से छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए चौक- चौराहों पर महिला पुलिस कर्मचारियों और सादे कपड़ों में भी पुलिस की तैनाती रहेगी। झज्जर पुलिस द्वारा शरारती तत्वों द्वारा हुड़दंग बाजी करने पर उनपर नकेल कसने, व यातायात के नियमों का पालन न करने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी जिसके लिए जिला के चिन्हित विभिन्न स्थानों पर 37 नाके लगाए गए हैं। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिये प्रत्येक थाना में पर्याप्त संख्या में आवश्यक साजोसामान सहित पुलिस बल को रिजर्व रखा गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना पर तुरंत मौका पर पहुंचकर निवारक कार्रवाई की जा सके।