लोकतंत्र में मतदान का विशेष महत्व, निष्ठा एवं लगन से कार्य करें बीएलओ : एसडीएम
– एसडीएम एवं 67 बेरी के सहायक रिटर्निंग अधिकारी रविंद्र मलिक ने गांव बरहाना,दुजाना,रोहद, छारा और मातन गांवों में क्लस्टर लेवल पर बीएलओ की बैठक में दिए जरूरी निर्देश
बीएलओ को अधिक से अधिक मतदान के प्रति जागरूकता की दिलाई शपथ
बेरी(झज्जर ),09 अप्रैल।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
एसडीएम एवं 67 बेरी विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी रविंद्र मलिक ने मंगलवार को गांव बरहाना,छारा,दुजाना,मातन और रोहद आदि गांवों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बूथों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ की बैठक लेते हुए ज्यादा से ज्यादा मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के सुचारू रूप से संचालन में बीएलओ की अहम भूमिका होती है,सभी बीएलओ आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
एआरओ ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायत अनुसार लोकसभा आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करवाने को लेकर स्वीप अभियान के तहत क्षेत्र में निरंतर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता आगामी 25 मई को होने वाले लोकसभा मतदान में बढ़-चढ़कर भाग अवश्य लें और अपने मत का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाए। उन्होंने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे अपनी वोट की कीमत को पहचाने और बिना किसी प्रलोभन के मतदान करें। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने साथ-साथ अपने आस-पास के लोगों को ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि भारतीय निर्वाचन आयोग की अधिकाधिक मतदान की मुहिम को मुकाम तक पहुंचाया जा सके। सभी मतदाता मतदान दिवस को एक पर्व की तरह मनाएं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान प्रणाली एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें सभी लोगों का समान रूप से भाग लेना अति आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, भाषा व क्षेत्रवाद से प्रभावित होकर अपने वोट का इस्तेमाल न करें बल्कि अपने विवेक का प्रयोग कर ही मतदान करें।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित बीएलओ को शत प्रतिशत मतदान को लेकर शपथ भी दिलाई। इस बीच एसडीएम ने बीएलओ से बूथों की विस्तार से जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।
इस अवसर पर सेक्टर आफिसर नरेश कुमार,जोगेंद्र सिंह, गोबिंद राम,चैतन्य शर्मा,राकेश कुमार,राजेन्द्र, नंदकिशोर बंसल,धर्म राज,मनोज भाटिया,लेखाकार एसएन कौशिक सहित अनेक बीएलओ और स्कूल प्राचार्य उपस्थित थे।