रोहतक सांसद का दीपेंद्र हुड्डा को चैलेंज, अरविंद शर्मा बोले : राज्यसभा छोड़ लंगोट बांधकर मैदान में आए, जनता तय कर देगी।

03 मार्च :-  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
रोहतक के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने पत्रकार वार्ता की। इस दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा के बयान (भाजपा मुझे घेरने का प्रयास कर रही है) पर चुटकी लेते हुए चैलेंज दिया। सांसद ने चेतावनी देते हुए कहा कि दीपेंद्र हुड्‌डा के पास घेरने का है क्या। दीपेंद्र हुड्‌डा दोनों हाथों में लड्‌डू रखे हुए है। राज्यसभा सदस्य रहने के साथ-साथ लोकसभा संसद का चुनाव भी लड़ने की बात कर रहे हैं।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि अगर हिम्मत है तो दीपेंद्र हुड्‌डा राज्यसभा सदस्यता छोड़ें और लंगोट बांधकर मैदान में आए। जनता तय कर देगी की किसने काम किया। हालांकि खुद के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि हाईकमान तय करेगा कि कौन चुनाव लड़ेगा। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि दीपेंद्र हुड्‌डा हर काम को अपनी उपलब्धि में गिना रहा है। जबकि उन्होंने केवल कामों की घोषणा की थी, लेकिन भाजपा की सरकार ने विकास कार्य किए हैं। जिसके कारण जनता आज खुशहाल है।

सीएम बनने का सपना लेकर रोहतक सीट को बता रहे दशा व दिशा बदलने वाले
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने रोहतक लोकसभा सीट को हरियाणा की दशा व दिशा बदलने वाली सीट पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि रोहतक लोकसभा सीट को इसलिए हरियाणा की दशा व दिशा बदलने वाली सीट बता रहे हैं कि वे सीएम बनने का सपना देख रहे हैं। क्योंकि वे रोहतक में जीतकर सीएम बनने की चाह रखे हुए हैं। लेकिन उनके सपने सभी साकार नहीं होंगे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, वरिष्ठ नेता कृष्ण मूर्ति हुड्‌डा व मीडिया प्रभारी तरुण सन्नी शर्मा आदि उपस्थित रहे।

मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भर बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। यह व्यवस्था परिवर्तन का ही परिणाम है कि आज भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था है और प्रधानमंत्री मोदी के सपने के अनुरूप जल्द ही तीसरी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। देश व प्रदेश में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। केंद्र व राज्य सरकार ने पिछले लगभग 10 सालों में विकास की कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। केंद्र व राज्य सरकार ने अंत्योदय को लेकर अनेक योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित किया है। परिणाम स्वरूप देश के करोड़ों परिवार गरीबी की रेखा से बाहर आए हैं।

देश व प्रदेश में तेजी से घूम रहा विकास का पहिया
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार ने न केवल केएमपी के आधे अधूरे कार्य को पूरा करवाया, बल्कि 152डी का निर्माण करवा कर यातायात को सुगम बना दिया है। रोहतक को फाटक मुक्त शहर बना दिया। रोहतक महम-हांसी रेल लाइन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में भाजपा सरकार ने इस रेल लाइन के लिए बजट की मंजूरी प्रदान की थी। इसी प्रकार झज्जर-रेवाड़ी रेल लाइन की मंजूरी तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल के दौरान मिली थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में ऐसी व्यवस्था कर दी है कि अब बुजुर्गों को पेंशन बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। सरकार की हर योजना का लाभ पात्र लोगों का परिवारों को घर बैठे मिल रहा है।