*कैथल

*राजौंद में रणधीर कानूनगो 14 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार:*

*इंतकाल दाखिल करने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, विजिलेंस ने वकील की शिकायत पर दर्ज किया केस*

 

कैथल, 14 जून लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला की टीम ने वकील सुमित रोहेड़ा की शिकायत पर राजौंद के कानूनगो रणधीर सिंह को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकडे गये कानूनगो ने एक इंतकाल दर्ज करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। सुमित की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला की टीम ने रिश्वत केस दर्ज कर कार्रवाई की है। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एक्स.ई.एन गौरव कंसल रहे।

विजिलेंस को दी शिकायत में सुमित रोहेड़ा ने बताया कि उसकी जमीन के बंटवारे का केस अदालत में चल रहा था। अदालत से परमिशन मिल गई थी, जिसके बाद तहसील में इंतकाल के लिए दाखिल वारंट करना था। इस काम के लिए कानूनगो रणधीर सिंह ने 27 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।, लेकिन दोनों में बाद में 14 हजार रुपये में सौदा तय हो गया था। दो महीने तक कानूनगो उसके चक्कर कटवा रहा। हार कर उसने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी। शाम को करीब साढ़े पांच बजे उसने सुमित को फोन करके कार्यालय बुलाया। सुमित ने उसे 14 हजार रुपये थमा दिए। जैसे ही वह नोट गिनने लगा, टीम ने उसे दबोच लिया। एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर विरेंद्र सिंह ने बताया कि सुमित नाम के व्यक्ति की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। कानूनगो रणधीर को पाउडर लगे 14 हजार रुपये के 500-500 रुपये के नोटों के साथ पकड़ा गया। हाथ धुलवाने पर पानी लाल हो गया।