*योग्य युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए चलेगा विशेष अभियान : सलोनी शर्मा*
*- वोटर कार्ड बनवाना व कार्ड में बदलाव करना बेहद आसान, सभी बनवाएं वोटर और करें मतदान: स्वीप नोडल ऑफिसर*
*- स्वीप कोर कमेटी की मीटिंग में मतदाता व मतदान जागरूकता पर हुआ मंथन*
*- युवाओं को अपना वोट बनाने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया जाएगा जागरूक*
*झज्जर, 04 मार्च।*लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
स्वीप कार्यक्रम की जिला नोडल ऑफिसर एवं एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत योज्य युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने और ज्यादा से ज्यादा युवा मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा स्वीप अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत युवाओं को वोट बनवाने व मताधिकार के उपयोग करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला नोडल ऑफिसर की अगुवाई में सोमवार को स्वीप कोर कमेटी की मीटिंग आयोजित हुई। मीटिंग में मतदाता सूची में योज्य युवाओं के नाम शामिल करवाने और मतदान जागरूकता को लेकर लोकसभा क्षेत्र के लिए रणनीति तैयार की गई। कौर कमेटी की मीटिंग के दौरान जिला नोडल अधिकारी ने कहा कि वोट बनवाना व एक स्थान दूसरे स्थान पर वोट स्थानांतरित करना, दोनों ही बेहद सरल प्रक्रियाएं हैं। इस बात को युवाओं को समझना होगा कि लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत बनता है और एक जनवरी 2024 को 18 साल की उम्र पूरी कर चुके प्रत्येक युवक को अपना वोट बनवाते हुए वोट के अधिकार का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवतियों में यह धारणा गलत है कि शादी के बाद वोटर कार्ड बनवाएंगी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष उम्र होते ही वोटर कार्ड बनवाना चाहिए। शादी होने की स्थिति में बड़ी आसानी से वोटर कार्ड में स्थान परिवर्तन व अन्य बदलाव करवाए जा सकते हैं। इस मीटिंग में इलेक्शन नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार.एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अनिल ढुल, वरिष्ठ पत्रकार अमित पोपली , नेहरू युवा केंद्र से राजेंद्र कुमार शर्मा, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
*वोट बनाने के लिए लगेंगे स्पेशल कैंप*
जिला नोडल ऑफिसर एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि जिले के शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं के वोट बनाने के लिए स्पेशल ड्राइव चलाई जाएगी । जिसमें 18 साल से अधिक उम्र के युवाओं के वोट बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खास तौर पर युवतियों जागरूक किया जा रहा है कि वह वोट अवश्य बनवाएं और वोट के अधिकार का उपयोग करते हुए देश की सरकार चुनने में भागीदार बनें।
*घर बैठे मोबाइल से भी बनवा सकते हैं वोटर कार्ड*
जिला नोडल ऑफिसर एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि युवा इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट व मोबाइल एप वोटर हेल्पलाइन के द्वारा वोटर कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा लघु सचिवालय स्थित चुनाव कार्यालय में भी ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल एप पर मतदाता पहचान पत्र में संशोधन व अन्य कार्य भी किये जा सकते हैं।
*सोशल मीडिया पर चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान*
एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया युवाओं में काफी लोकप्रिय है इसे देखे हुए सोशल मीडिया पर मतदाता व मतदान जागरूकता अभियान चलाते हुए युवाओं को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद नामांकन की तारीख तक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में पात्र युवाओं के अधिक से अधिक वोट बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।