संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ : विक्रम कादियान

03 मार्च :- लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
: पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम कादियान ने लिया फसलों के नुकसान का जायजा, पीड़ित किसानों से की बातचीत बेरी : आसमान से बरसी आफत से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के साथ हुई भारी ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। लेकिन किसान घबराएं नहीं और धैर्य बनाए रखें। संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है। यह बात भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम कादियान ने क्षेत्र के गांव भंभेवा में हुए फसलों के नुकसान का जायजा लेने के बाद किसानों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर ओलाग्रस्त फसलों का पूरा ब्यौरा अपलोड करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों की स्पेशल गिरदावरी करने के आदेश दिए गए है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौका मुआयना करने के निर्देश दिए जोकि सीएम मनोहर लाल की सर्वोपरि पहल है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार फसल का उचित मुआवजा देकर किसानों की भरपाई करेगी ताकि अन्नदाता को कोई आर्थिक परेशानी ना आए। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल स्वयं किसान परिवार से संबंध रखते है और किसानों के दुख दर्द को समझते है। सीएम किसानों के हितों के लिए वे केंद्र सरकार के सामने पैरवी करते रहते हैं। किसान हरियाणा में देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। अर्थव्यवस्था की इस धुरी को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास करने में सरकार जुटी हुई है।