*जिले में नशे खिलाफ विशेष अभियान चलाने के डीसी ने दिए निर्देश*
*युवा पीढी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी: डीसी*- *डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने नार्को कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक में दिए निर्देश*
*नागरिकों से अपील, नशे की सूचना मिलते ही प्रशासन को दें जानकारी: डीसी
*झज्जर,08 जुलाई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि जिले को पूरी तरह से नशा मुक्त करने के लिए जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरु किया जाएगा। उन्होंने नार्को समन्वय समिति की मीटिंग उपरांत पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को कहा कि समाज में नशे की प्रवृत्ति पर रोक को लेकर विशेष योजना तैयार की जाए, जिससे समाज से कुरीति को जड से समाप्त किया जा सके। साथ ही ड्रग विभाग नशीले पदार्थो की धरपकड में तेजी लाई जाए।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह सोमवार को हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद की वीसी उपरांत नार्को समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नकली व अवैध दवाईयों की बिक्री रोकने के लिए सख्ती से मॉनिटरिंग की जाए तथा विशेषकर ड्रग की हर मूवमेंट को ट्रैक किया जाए। ड्रग ऑफिसर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से कार्रवाई करें ताकि कोई घटना न हो सके। ड्रग से मुक्ति दिलाने के लिए चालान, टेस्टिंग पर फोकस किया जाए और युवाओं को सचेत एवं जागरूक करने के लिए स्कूल एवं कालेज स्तर पर भी विशेष फोकस रखा जाए। इसके अलावा जिला व उपमंडल स्तर पर एनकॉर्ड की मीटिंग नियमित रूप से की जाए। डीसी कहा कि नशे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाई जा रही हरियाणा उदय योजना के तहत एंटी ड्रग कार्यक्रम में वार्ड, पंचायत व गांवों को ड्रग फ्री बनाने का कार्य किया जा रहा है।
ग्राम पंचायतों से आह्वान, नशा मुक्ति में प्रशासन का करें सहयोग
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने ग्राम पंचायतों से आह्वान किया है कि वह नशा मुक्ति के अभियान में प्रशासन व पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पंचायतें इस अभियान में अहम भूमिका अदा कर सकती हैं। पंचायत स्तर पर जिला प्रशासन व पुलिस के संपर्क नंबर जारी किए जाएंगे जिनपर कोई भी ग्रामीण नशे की बिक्री से संबंधित सूचना दे सकता है। प्रशासन द्वारा सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीसीपी झज्जर लोगेश कुमार, एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम बहादुरगढ परमजीत सिंह चहल, सिविल सर्जन डॉ ब्रहदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
फोटो। झज्जर स्थित लघु सचिवालय सभागार में नार्को कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक में जरूरी निर्देश देते डीसी कैप्टन शक्ति सिंह।