*जिला में एनईईटी पुन:परीक्षा शांतिपूर्ण रूप से संपन्न*
*एनईईटी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा किये गए थे पुख्ता प्रबंध : डीसी*
*झज्जर, 23 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
जिला मुख्यालय पर रविवार को दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित एनईईटी (राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा) शांतिपूर्वक रूप से संपन्न हुई। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि एनईईटी परीक्षा को लेकर झज्जर में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल और कें द्रीय विद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। उन्होंने परीक्षा को लेकर स्थिति का जायजा लेते हुए परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। परीक्षा केंद्रों के बाहर 200 मीटर की परिधि में किसी प्रकार का बाहय हस्तक्षेप ना हो,इसके लिए धारा 144 लागु की गई थी। परीक्षा रविवार को दोपहर दो बजे शुरू होकर शाम पांच बजकर 20 मिनट पर संपन्न हुई।
डीसी ने बताया कि मााननीय कोर्ट के आदेशानुसार रविवार को एनईईटी की पुन: परीक्षा का आयोजन किया गया,जिला मुख्यालय पर एनटीए द्वारा लगभग 494 परीक्षार्थियों के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे,जिन पर विद्यार्थियों ने सुचारू रूप से परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने केंद्र संचालकों से परीक्षा केंद्र में बिजली,पानी आदि की विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। डीसी ने संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
एसडीएम रविंद्र मलिक ने बताया कि प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर किसी प्रकार का बाहय हस्तक्षेप ना हो,इसके लिए शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई थी। इसके अलावा जिला पुलिस द्वारा भी परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई थी।
——————-
*मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत प्लाटों का ड्रा आज : डीसी*
*झज्जर स्थित राजकीय पीजी नेहरू कालेज आडोटोरियम में 24 जून को संपन्न होगी ड्रा प्रक्रिया*
*- आवेदकों को ड्रा के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे प्लाट*
*झज्जर,23 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
प्रदेश सरकार द्वारा हाउसिंग फॉर आल के उद्देश्य को लेकर शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना’ से नागरिकों का अपने घर का सपना साकार होगा, ऐसे में पात्र लाभार्थियों को 24 जून को राजकीय पीजी नेहरू कालेज आडोटोरियम में निकाले जाने वाले ड्रा के माध्यम से प्लाट आवंटित किए जाएंगे। यह जानकारी डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि ड्रा को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीसी ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के सकारात्मक प्रभाव को देखते हुए हरियाणा सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना’ शुरू की गई है। इसके तहत जिला के लगभग 851 आवेदकों ने प्लाटों के लिए आवेदन किया हुआ है,जिनको सोमवार 24 जून को ड्रा के माध्यम से प्लाट आवंटित किए जाएंगे।
इस अवसर पर सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
—————-
*किसानों के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना लाभकारी*
*-योजना के तहत 40 से 60 प्रतिशत वित्तीय सहायता का प्रावधान*
– *डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने दी जानकारी*
*झज्जर, 23 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि किसानों और मछली पालन का धंधा करने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना आर्थिक स्थिति मजबूत करने में वरदान सिद्ध हो रही है। योजना के तहत 40 से 60 प्रतिशत वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है।
डीसी ने बताया कि जिला में उन गांवों के लोगों को मत्स्य पालन के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिन गांवों में बरसात के पानी के ठहराव होता है या भूमि बंजर है। मछली पालन से किसानों की आय बढ़ रही है। झींगा मछली पालन से 5 से 6 लाख रुपये प्रति एकड़ तक आमदनी होती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा योजना के तहत अनुसूचित जाति व महिला वर्ग मछली पालकों को 60 प्रतिशत अनुदान तथा सामान्य वर्ग को मछली पालन पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
कैप्टन शक्ति सिंह ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 60 प्रतिशत सभी वर्गों की महिलाओं व अनुसूचित जाति को तथा 40 प्रतिशत सामान्य व ओबीसी को अनुदान प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत प्रार्थी निजी भूमि में या पट्टे पर भूमि लेकर मछली फीड हैचरी, तालाबों के निर्माण, बायाफेलाक, आरएएस, फीड मिल, कोल्ड स्टोर आदि लगाने पर विभाग से वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
*-यूनिट लगाने से पूर्व मिट्टी व पानी की टेस्टिंग जरूरी*
डीसी ने बताया कि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तथा अन्य विभागीय योजनाओं के लिए किसानों को जागरूक करते हुए समय-समय पर विभाग द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाता है। यूनिट लगाने से पहले प्रशिक्षण अवश्य लें तथा मिट्टी व पानी की टेस्टिंग अवश्य रूप से करवाएं ताकि यूनिट कामयाब हो सके।
———————–
सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लोक अदालत 29 जुलाई से 3 अगस्त तक*
* *सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार बंसल ने दी जानकारी*
*झज्जर, 23 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार बंसल ने बताया कि आगामी 29 जुलाई से तीन अगस्त तक सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबे समय से चलने वाले केस से संबंधित पार्टियां आपसी सहमति के साथ यदि विशेष लोक अदालत के सामने रखना चाहती है तो वे स्थानीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में जमीनी विवाद, मोटर व्हीकल से जुड़े मामले, घरेलू हिंसा, नौकरी से संबंधित मामले सहित कई अन्य प्रकार के मामलों में सुलह के लिए आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में आयोजित होने वाली लोक अदालत में जो व्यक्ति अपने मामलों को इस प्रक्रिया के तहत रखना चाहते हैं वह 01251-252013 पर संपर्क करते हुए मार्गदर्शन हासिल कर सकते हैं व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। स्थानीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड के माध्यम से प्री-कंसिलीएटॉरी बैठकें आयोजित की जाएगी जिसमें पार्टियों के मध्य सुलह की संभावनाओं को परखते हुए ऐसे मामलों पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में पार्टी सरकार है ऐसे मामले विशेष लोक अदालत में निपटाए जाने की संभावना है।
————–