*मुख्यमंत्री घोषणाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें अधिकारी: डीसी कैप्टन शक्ति सिंह*
*- गांव की फिरनी से तीन कि.मी तक मिलेंगे बिजली कनेक्शन*
*- योजना को गंभीरता से अमलीजामा पहनाने के दिए डीसी ने निर्देश*

*झज्जर, 28 फरवरी।* लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

प्रदेश में प्रत्येक घर तक बिजली कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार ने अहम निर्णय लिया है।

उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा है कि सीएम श्री मनोहर लाल ने ग्रामीण क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए घोषणा करते हुए कहा कि सरकार द्वारा अब गांव की फिरनी से 3 किलोमीटर तक स्थित डेरे व ढाणियों को बिजली कनेक्शन दिए जाने की घोषणा की है। पूर्व में यह सीमा पहले यह सीमा एक किलोमीटर थी। उन्होंने बताया कि सरकार की घोषणा के अनुसार अब इसके साथ ही, 300 मीटर तक डेरे व ढाणियों को दिये जाने वाले बिजली कनेक्शन पर उपभोक्ताओं को कोई खर्च नहीं देना होगा। 300 मीटर के बाद भी कोई कनेक्शन दिया जाता है तो उपभोक्ता से आधा खर्च लिया जाएगा और आधा खर्च सरकार वहन करेगी। पहले यह सीमा 150 मीटर थी।
डीसी ने कहा कि सरकार की घोषणा की अतिशीघ्र गंभीरता के साथ पालना के लिए झज्जर जिले के बिजली निगम के अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की घोषणा को लेकर बिजली निगम के कार्यों का उपायुक्त कार्यालय द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्री मनोहर लाल ने एक अन्य घोषणा करते हुए कहा कि डेरे व ढाणियों के जो उपभोक्ता ट्यूबवेल की बजाय ग्रामीण फीडर से बिजली कनेक्शन लेना चाहता है, तो ट्रांसफार्मर का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। उपभोक्ता को केवल नई लाइन का खर्च वहन करना होगा।