संविधान बचाओ जन आक्रोश रैली में दीपेंद्र हुड्डा ने किया ‘जय भीम’ का उद्घोष

हजारों लोगों ने ली इसबार संविधान बचाने के लिए वोट करने की शपथ

संविधान को बदलने व कुचलना की मानसिकता वाली बीजेपी को जनता वोट की चोट से देगी जवाब- दीपेंद्र हुड्डा

बीजेपी सांसद ने खुद पूर्व मंत्री व मुख्यमंत्री कार्यालय पर लगाया था 300 करोड़ के अमृत घोटाले का आरोप- दीपेंद्र हुड्डा

बीजेपी सरकार ने ना कोई काम किया, ना किसी का सम्मान किया- दीपेंद्र हुड्डा

रोहतक लोकसभा के नतीजे से पड़ेगी हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की नींव, फिर बनेगी कांग्रेस सरकार- दीपेंद्र हुड्डा

हुड्डा सरकार ने किया बाबा साहेब की सीख को अमलीजामा पहनाने का काम- भुक्कल

हुड्डा सरकार ने दिया 20 लाख एससी, ओबीसी व गरीब बच्चों को देश में सबसे ज्यादा वजीफा व मुफ्त शिक्षा- भुक्कल

झज्जर, 14 अप्रैलः

लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

हर एक हरियाणवी इसबार बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान को बचाने के लिए अपना वोट करेगा। संविधान को बदलने व कुचलना की मानसिकता रखने वाली बीजेपी को जनता वोट की चोट से जवाब देगी। ये ऐलान किया है राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने। दीपेंद्र हुड्डा डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर झज्जर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक गीता भुक्कल ने इस ‘संविधान बचाओ जन आक्रोश रैली’ का आयोजन करवाया था।

इस मौके सांसद दीपेंद्र ने ‘जय भीम’ के उद्घोष के साथ हजारों लोगों को संविधान की रक्षा के लिए शपथ दिलाई। लोगों ने शपथ ली कि कि इसबार वो अपना वोट संविधान की रक्षा के लिए करेंगे। संविधान को बदलने की साजिश रचने वाली ताकतों को वो कभी कामयाब नहीं होने देंगे।

अपने संबोधन में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी के नेता खुले मंचों से 400 पार सीटें मिलने पर संविधान को बदलने का ऐलान कर रहे हैं। हर वर्ग को समानता का अधिकार व वंचित वर्गों को आरक्षण देने वाले संविधान को बीजेपी खत्म करना चाहती है। ऐसे में संविधान की रक्षा करना बाबासाहेब अंबेडकर को मानने वाले प्रत्येक व्यक्ति और भारत के हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

सांसद दीपेंद्र ने कहा कि बीजेपी 2014 में जो नारे देकर सत्ता में आई थी, आज ठीक इसके विपरीत काम कर रही है। बीजेपी ने कालाधन देश में लाने का वादा किया था, लेकिन आज कालेधन वालों को बीजेपी में शामिल करवाया जा रहा है। बीजेपी ने बेटी बचाने का वादा किया था, लेकिन आज देश का मान बढ़ाने वाली पहलवान बेटियों को दिल्ली की सड़कों पर घसीटा जा रहा है। बीजेपी ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन उन किसानों की शहादत लेने का काम किया जा रहा है।

बीजेपी ने युवाओं को हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आज युवाओं को मजदूरी करने के लिए युद्ध क्षेत्र इजराइल में भेजा जा रहा है। बीजेपी ने भ्रष्टाचार मिटाने का दावा किया था, लेकिन आज खुद रोहतक से बीजेपी सांसद, बीजेपी के ही एक पूर्व मंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय पर 300 करोड़ के अमृत घोटाले का आरोप लगा रहे हैं। खुद सत्ता की सहयोगी रही जेजेपी के विधायक रामकुमार गौतम सरकार पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगा रहे हैं।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 10 साल में मौजूदा सरकार ने पूरे हरियाणा में एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिसके नाम पर यह जनता के बीच जाकर वोट मांगे जा सकें। खासतौर पर रोहतक लोकसभा के साथ भाजपा ने भयंकर भेदभाव किया। बीजेपी सरकार ने ना कोई काम किया और ना ही किसी वर्ग का सम्मान किया। किसान, मजदूर, कर्मचारी, सफाईकर्मी, आंगनवाड़ी वर्कर, आशा वर्कर, अध्यापक और सरपंच समेत हर वर्ग से सरकार ने लाठी और अहंकार की भाषा में बात की। बाबासाहेब द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए जिस भी वर्ग ने सरकार के विरुद्ध आवाज उठाई। उसे बीजेपी ने असंवैधानिक तरीकों से कुचलने का काम किया।

लेकिन इसबार लोकसभा चुनाव के नतीजे से हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की नींव पड़ जाएगी। फिर से हरियाणा में हुड्डा साहब के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनेगी। फिर से रोहतक समेत पूरा हरियाणा विकास की पटरी पर सरपट दौड़ेगा।

इस मौके पर गीता भुक्कल ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने हमेशा लोगों को शिक्षित बनने का संदेश दिया। उनकी सीख को अमलीजामा पहनाने के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 20 लाख एससी, ओबीसी व गरीब बच्चों को देश में सबसे ज्यादा वजीफा देने की योजना चलाई। कांग्रेस सरकार ने अंबेडकर मेधावी छात्र योजना की शुरुआत की। बाबा साहेब के नाम पर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी स्थापित की गई और गांव-गांव में स्कूल खोले गए। हरियाणा के इतिहास में सबसे ज्यादा अध्यापकों की भर्तियां हुड्डा सरकार के दौरान हुईं। ऐसे कार्यों के चलते वंचित वर्गों के बच्चे मुफ्त शिक्षा का लाभ उठा सकें और आगे बढ़े। यही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है।

भुक्कल ने रोहतक लोकसभा में दीपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सांसद दीपेंद्र ने झज्जर में एम्स, आईआईएम, 4 कॉलेज, 3 आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, कई स्कूल, रेलवे लाइन, मेट्रो लाइन, एनटीपीसी प्लांट, सड़कें, बाईपास, पुल, आरओबी, कई धर्मशालाएं, चौपाल समेत अनगिनत विकास के कार्य किए। उनके कार्यकाल में रोहतक लोकसभा के भीतर 20 से ज्यादा बड़े उद्योग स्थापित हुए, जिनमें आज भी हजारों युवा रोजगार पा रहे हैं।

लेकिन मौजूदा भाजपा सांसद ने वोट लेने के बाद 5 साल कभी रोहतक की सुध नहीं ली। विकास के लिए कोई बड़ी परियोजना लाना तो बहुत दूर की बात है, भाजपा सांसद ने कभी रोहतक की आवाज तक लोकसभा में नहीं उठाई। इसलिए इस बार रोहतक की जनता ने कांग्रेस को भारी मतों से विजय बनाने का मन बना लिया है।

संविधान बचाओ रैली में आज विधायक डॉ. रघुवीर कादयान, जगबीर सिंह मलिक, आफताब अहमद, पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह, विधायक बलबीर वाल्मिकी, जयवीर वाल्मिकी, कुलदीप वत्स, नीरज शर्मा, इंदुराज नरवाल समेत कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।